सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : नशा तस्करों के खिलाफ आरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आसनसोल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान एक एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। गौरतलब है कि गुरुवार रात रात 10 बजे से RPF पोस्ट आसनसोल (पश्चिम) के पोस्ट कमांडर के नेतृत्व में RPF और CPDS टीम, आसनसोल डिवीजन की संयुक्त टीम ने आसनसोल स्टेशन पर ट्रेनों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सघन जांच अभियान शुरू किया था। आरपीएफ पोस्ट आसनसोल (वेस्ट) के प्रभारी बिमान गोराई ने बताया कि जांच के दौरान प्लेटफार्म नंबर 4 पर ट्रेन नंबर 13005 अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल पहुंची। टीम ने ट्रेन के स्लीपर कोचों के शौचालयों की छत (सीलिंग) की तलाशी लेनी शुरू की। तलाशी के दौरान कोच नंबर S-2 के कालका छोर की तरफ, दक्षिण साइड वाले शौचालय की छत पर छुपाकर रखे गए तीन संदिग्ध बैग मिले। बैगों को खोलने पर उसमें भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए कुल 36 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 1.5 किलो और कुल वजन लगभग 54 किलोग्राम था। जांच करने पर पैकेटों में रखा पदार्थ गांजा जैसा प्रतीत हुआ। टीम ने तुरंत संबंधित कोच के यात्रियों से पूछताछ की और बैग के मालिक का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी यात्री सामने नहीं आया और किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। तस्कर की पहचान के लिए काफी प्रयास किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में नियमानुसार तीनों बैगों में रखे 36 पैकेट गांजे को जब्त कर लिया गया। जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में जीआरपीएस आसनसोल में केस नंबर 94/26 दिनांक 25/09/26 धारा 20(b)(ii)(c)/29 NDPS Act 1985 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।