सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया: काली पूजा एवं दीपावली को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुरुलिया मुफस्सिल थाना पुलिस की ओर से विशेष अभियान और नाका चेकिंग चलाई जा रही है। इसी क्रम में बुधवार (4 नवंबर) की शाम पुरुलिया-बांकुड़ा राज्य सड़क पर भांगड़ा बटतला इलाके में पुलिस ने अभियान चलाकर एक स्कूटी चालक को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी चालक के पास से 4.6 लीटर अवैध फेंसिडिल कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में हुटमूड़ा निवासी शेख जाकिर उर्फ कोटा को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में मादक पदार्थों, हथियारों और डकैती से जुड़े कई मामलों में कथित रूप से शामिल रहा है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुरुलिया पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी को पुरुलिया अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।