आसनसोल / बर्नपुर : श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम बर्नपुर द्वारा चार धाम धार्मिक एवं तीर्थ यात्रा का शुभारंभ किया गया। वहीं स्टेशन पर यात्रियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा परिसर जय श्रीराम और बालाजी महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा था। गौरतलब है कि इस चार धाम यात्रा में बालाजी धाम की ओर से लगभग 400 श्रद्धालुओं को सम्मिलित किया गया है, जो बेहद उत्साह और भक्ति भाव के साथ आसनसोल रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। यह पूरी यात्रा परम श्रद्धेय संतोष भाईजी के पावन सानिध्य और मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी और धाम के इस पुनीत कार्य की सराहना की। साथ ही पवित्र चारधाम के यात्रियों से कहा कि भगवान की कृपा से आपकी यात्रा आसान और सुंदर हो। आपकी इकट्ठा की गई तस्वीरों और अनुभवों से और भी कई लोगों को भगवान के दर्शन और आशीर्वाद मिलें और आप सभी की सुरक्षित वापसी की कामना करता हूं। वहीं संतोष भाई जी ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना करना है। 400 यात्रियों की इस बड़ी टोली की सुविधा और सुरक्षा के लिए धाम की समिति द्वारा चिकित्सा, भोजन और ठहरने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धाम समिति ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, संतोष भाईजी, सभी सेवादारों, रेल प्रशासन और स्थानीय शुभचिंतकों का सहृदय आभार व्यक्त किया है।