आसनसोल : विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देश को देखते हुए झारखंड - बंगाल सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा शहर के विभिन्न चौराहों पर आसनसोल -दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर की विवेकानंद सरणी स्थित जुबली मोड़ से नाका चेकिंग के दौरान आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस ने बोकारो से आसनसोल आ रही एक बस को रोक कर जांच के दौरान 22 किलो गांजा बरामद किया। इसके पहले पुलिस यहां जांच के दौरान 65 की संख्या में मोबाइल, 1476 बोतल कफ सिरप और करीब 20-22 किलो गांजा बरामद कर चुकी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बस को रोककर सीधे दो बैगों को लक्ष्य कर जांच की तो एक बैग में गांजा की पेटियां भरी हुई मिलीं। पुलिस ने गांजा से भरे बैग के मालिक की जानकारी लेने का प्रयास किया लेकिन कोई सामने नहीं आया। धनबाद से आसनसोल आ रहे यात्री नरेश कुमार दूबे ने बताया कि धनबाद बस स्टैंड से दो युवक दो बैग लेकर बस में सवार हुए थे। वहीं जब नाका चेकिंग के दौरान पुलिस बैग के मालिक का जिक्र किया तो युवक साफ तौर पर मुकर गये। उसने बताया कि उनके पास एक ही बैग है।