आसनसोल

बैंक से फ्रॉड करने के मामले में और 2 अभियुक्त गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेजों के जरिये अभियुक्तों ने लिए थे पर्सनल लोन

अंडाल : सरकारी कर्मचारी बता फर्जी दस्तावेजों के जरिये बैंक से पर्सनल लोन के रूप में 1 करोड़ 3 लाख 81 हजार 712 रुपये की धोखाधड़ी मामले की जांच में जुटी फरीदपुर (लावदोहा) थाना की पुलिस ने और 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम कार्तिक बागदी और खदीजा बेगम जमादार हैं। कार्तिक बांकुड़ा जिला के पात्रशायर थाना अंतर्गत बिउर गांव और खदीजा कांटाडिगी गांव के निवासी है। सोमवार को दोनों को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया। दोनों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बीते 17 अगस्त को इस मामले गिरफ्तार पूर्व बर्दवान जिला के रायना थाना अंतर्गत सिप्ता गांव निवासी प्रसेनजीत घोष को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। एसीपी (अंडाल डिवीजन) पिंटू साहा ने कहा कि बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को दुर्गापुर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पुलिस बैंक अधिकारी व स्टाफ की भूमिका को भी जांच के दायरे में रख इन्वेस्टीगेशन को आगे बढ़ा रही है।

क्या है मामला

बीते 1 फरवरी को एसबीआई रीजनल बिजनेस ऑफिस, आसनसोल के आरएम आनंद कुमार पिंकू ने 7 लोगों के खिलाफ फरीदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में बताया था कि सात ग्राहक चंदन कुमार ठाकुर, प्रसेनजीत घोष, चैताली बाउरी, गौतम चटर्जी, अजित पासवान, कार्तिक बागदी और खदीजा बेगम जमादार ने एसबीआई, इच्छापुर शाखा में केवाईसी दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड, सैलरी स्लिप आदि जमा कर सैलरी अकाउंट खुलवाया। इसके बाद सातों ने बैंक से पर्सनल लोन लिया। बाद में पता चला कि सातों में से कोई भी सरकारी कर्मचारी नहीं है। लोन लेते वक्त उनलोगों ने जो सैलरी स्लिप व नौकरी से संबंधित दस्तावेज बैंक में जमा किये थे, वे सभी फर्जी हैं। इस धोखाधड़ी से बैंक को एक करोड़ 3 लाख 81 हजार 712 रुपये का नुकसान हुआ है।

SCROLL FOR NEXT