सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : बर्नपुर टाउन ऑफिस के बेकरी ग्राउंड के पास गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में सेल आईएसपी के कर्मचारी मनोज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मनोज कुमार सिंह सीसीपी (OP) क्रेन विभाग में कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार सिंह शाम करीब 6:30 बजे बर्नपुर टाउन ऑफिस के बेकरी रोड पर अपने साथी कुणाल कुमार पासवान के साथ इवनिंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक टोटो की टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना की खबर सुन इंटक के महासचिव बिप्लब माजी ने मौके पर पहुंचकर घायल को उठाया और उसे तत्काल बर्नपुर अस्पताल ले जाया गया। वहीं अन्य एक व्यक्ति कुणाल पासवान को मामूली चोट आई है। मनोज कुमार सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए हेल्थ वर्ल्ड हॉस्पिटल, दुर्गापुर रेफर किया गया। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, उन्हें गंभीर सिर की चोट और ब्रेन हैमरेज की समस्या बताई गई है। साथ ही शरीर के अंदरूनी हिस्से में रक्तस्राव की भी बात सामने आई है। फिलहाल उनका इलाज दुर्गापुर के अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।