अभय, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : लाखों रुपये की ठगी करने से संबंधित मामले में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए 2 और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें रिमांड पर लिया था। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में शाहरुख खान तथा मनीष कुमार सिंह शामिल थे। वहीं अभियुक्तों की रिमांड अवधि समाप्त होते ही उन्हें बुधवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। तमाम दलीलों को सुनने के उपरांत अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें अगली सनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
क्या थी पूरी घटना ?
उल्लेखनीय है कि बीते 6 अक्टूबर को प्रतिबिंब पोर्टल की नियमित जांच के दौरान यह पता चला कि देशव्यापी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े कुछ मोबाइल नंबर, उपकरण और बैंक खाते आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्र में स्थित स्थानों से जुड़े हुए हैं। वहीं प्रारंभिक तकनीकी विश्लेषण से एक संरचित नेटवर्क का भी संकेत मिला, जहां व्यक्ति धोखाधड़ी से प्राप्त की गई धन राशि को कई बैंक खातों के माध्यम से भेजता था, ताकि उसके स्रोत को छिपाया जा सके। इसके साथ ही इनके मुख्य संचालकों की भी पहचान छुपाई जा सके। आपको बता दें कि यह नेटवर्क अलग-अलग परस्पर जुड़े हुए भूमिकाओं के माध्यम से संचालित होता था, जिनमें धोखाधड़ी करने वाले संचालक अपना भ्रामक संचार कर "म्यूल" खाते उपलब्ध कराते हैं और उक्त वारदात में एटीएम और अन्य चैनलों के माध्यम से नकदी निकालने वाले एजेंट भी शामिल हैं। वहीं पुलिसिया जांच के दौरान यह पता चला था कि अभियुक्तों के बैंक खाता में धोखाधड़ी से कुछ रुपये जमा किए गए थे। इसके साथ ही यह भी पाया गया था कि उक्त बैंक खाते के विरुद्ध धोखाधड़ी से संबंधित लेन-देन के संबंध में कुछ शिकायतें भी दर्ज की गई थी। हालांकि उक्त मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।