आसनसोल

छापेमारी में 19.170 टन अवैध कोयला जब्त

ईसीएल व सीआईएसएफ ने की संयुक्त छापेमारी

सालानपुर : कोलफील्ड क्षेत्रों में अवैध खनन और कोयला चोरी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। सालानपुर क्षेत्र की सुरक्षा टीम ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ मिलकर गौरांडी - बेगुनिया इलाके में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध रूप से निकाला गया कोयला बरामद किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संयुक्त अभियान के दौरान करीब 19.170 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया गया। बरामद कोयले को नियमानुसार तौल कर गौरांडीह कोल डिपो में सुरक्षित जमा करा दिया गया है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई गई है, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। सूत्रों के अनुसार, ईसीएल कोलफील्ड क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर अवैध खनन और कोयला चोरी की गतिविधियों की लगातार सूचना मिल रही थी। इन गतिविधियों के कारण न केवल कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति को भी भारी क्षति पहुंच रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा विभाग ने सीआईएसएफ के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से यह छापेमारी की। अभियान के दौरान सुरक्षा टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को बरामद किया। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही अवैध गतिविधियों में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने मौके से बड़ी मात्रा में कोयला जब्त कर लिया। इसे लेकर प्रबंधन का मानना है कि ईसीएल, सीआईएसएफ और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से कोलफील्ड क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

SCROLL FOR NEXT