कुल्टी : नियामतपुर मर्चेंट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से आसनसोल नगर निगम के सहयोग से होल्डिंग टैक्स एवं ट्रेड लाइसेंस नवीनीकरण हेतु तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। आसनसोल नगर निगम की ओर से आयोजित शिविर में टैक्स जमा करने वाले लोगों को 20 प्रतिशत की छूट दी गयी थी। नियामतपुर मर्चेंट चेम्बर की ओर से आयोजित शिविर में नगर निगम कर्मचारियों की उपस्थित में काफी संख्या में स्थानीय व्यवसायियों एवं उद्योगपतियों ने होल्डिंग टैक्स जमा किया एवं शुल्क जमा कर ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण किया। इस संबंध में मर्चेंट चेम्बर के सचिव सचिन बालोदिया ने बताया कि नियामतपुर में आयोजित तीन दिवसीय शिविर के दौरान होल्डिंग टैक्स के रूप में 12.50 लाख रुपये एवं ट्रेड लाइसेंस टैक्स के रूप में 80 हजार रुपये संग्रह किये गये। इस तरह कुल 13.30 लाख रुपये टैक्स जमा किये गये। शिविर के अंतिम दिन नियामतपुर मर्चेंट चेम्बर की ओर से शिविर में टैक्स जमा करने में सहयोग देने के लिये नगर निगम कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। नियामतपुर मर्चेंट चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लगातार व्यवसायियों एवं उद्योगपतियों के सहयोग के लिये इस तरह के शिविर का आयोजन करता रहा है। इसके अलावा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच के अलावा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर सामाजिक कर्तव्यों का निर्वाह करता रहा है।