अपराजिता

मोरक्को के इतिहास में पहली बार महिला बनीं प्रधानमंत्री

फातिमा ज़हरा एल मंसूरी ने रचा इतिहास

Muskan Lall

मोरक्को की राजनीति में एक नया इतिहास रचा गया है। फातिमा ज़हरा एल मंसूरी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। 50 वर्षीय वकील और राजनेता फातिमा को मोरक्को के राजा मोहम्मद VI ने नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के साथ ही देश के राजनीतिक इतिहास में महिलाओं के लिए एक नया अध्याय शुरू हो गया है।

फातिमा ज़हरा एल मंसूरी की नियुक्ति उनकी पार्टी ऑथेंटिसिटी एंड मॉडर्निटी पार्टी (PAM) के हालिया संसदीय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद हुई है। उनकी पार्टी ने संसद की कुल 395 सीटों में से 97 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी जगह बनाई। हालांकि, सरकार बनाने के लिए 198 सीटों के बहुमत की आवश्यकता है। ऐसे में फातिमा को दूसरी राजनीतिक पार्टियों के साथ गठबंधन करना होगा।

3 जनवरी 1976 को माराकेश में जन्मीं फातिमा ज़हरा एल मंसूरी पेशे से वकील हैं। उन्होंने मोरक्को की मोहम्मद V यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की और आगे की शिक्षा फ्रांस तथा अमेरिका में हासिल की। उन्होंने फ्रांस की यूनिवर्सिटी ऑफ मॉन्टपेलियर और अमेरिका की न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में भी अध्ययन किया। राजनीति में आने से पहले उन्होंने कानून के क्षेत्र में अपना करियर बनाया था।

फातिमा का राजनीतिक सफर भी काफी प्रेरणादायक रहा है। साल 2008 में वह PAM पार्टी से जुड़ीं और 2009 में माराकेश की पहली महिला मेयर बनकर इतिहास रचा। इसके बाद उन्होंने संसद सदस्य के रूप में भी काम किया। साल 2021 में उन्हें मोरक्को की राष्ट्रीय सरकार में राष्ट्रीय क्षेत्रीय योजना, शहरी विकास और आवास मंत्री बनाया गया। फरवरी 2024 में वह अपनी पार्टी के सामूहिक नेतृत्व की समन्वयक भी बनीं।

प्रधानमंत्री नियुक्त होने के बाद फातिमा ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार उनके देश की एक महिला सरकार का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी संभाल रही है। उन्होंने इसे केवल अपनी नहीं, बल्कि मोरक्को की सभी महिलाओं के लिए गर्व का विषय बताया। उनका मानना है कि यह उपलब्धि देश की महिलाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

अब प्रधानमंत्री के रूप में फातिमा के सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी। उन्हें सबसे पहले गठबंधन सरकार का गठन करना होगा। इसके अलावा महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार के अवसर बढ़ाना, वेतन से जुड़े मुद्दों का समाधान और आर्थिक विकास को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होंगे। साथ ही 2030 फीफा विश्व कप की तैयारियां भी उनकी सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होंगी। उनकी नियुक्ति को मोरक्को की राजनीति में महिला नेतृत्व की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT