आधुनिक दौर में ऊंची डिग्री और लाखों की कमाई वाली कई बहुएं पैर छूने जैसी परंपराओं को बोझ या दकियानूसी मानने लगी हैं। कई बार आत्मनिर्भरता के साथ आया अहंकार रिश्तों की सहजता पर भारी पड़ जाता है, जिससे सास-ससुर या बड़ों के प्रति सम्मान की पारंपरिक अभिव्यक्ति कमजोर पड़ती दिखती है।
मालिनी जी के घर का उदाहरण इस बदलती मानसिकता को दिखाता है। उनकी बहू को जब भी पैर छूने का अवसर आता, वह हिचकती, टालती या असहज स्थिति पैदा कर देती। आखिरकार मालिनी जी ने बेटे से कह दिया कि बहू को यह औपचारिकता निभाने की ज़रूरत नहीं है। चूंकि बहू भी यही चाहती थी, उसके लिए यह राहत की बात रही। मगर विडंबना यह थी कि यही बहू महंगे तोहफे मिलने पर या दोस्तों के सामने खुद को आदर्श दिखाने के लिए सास के आने पर पैर छूने का नाटक कर लेती थी। जब हर कदम नपा-तुला और दिखावे तक सीमित हो, तो बिना श्रद्धा के निभाई गई रस्म का अर्थ ही क्या रह जाता है?
कई परिवारों में बच्चों को बचपन से बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने के संस्कार दिए जाते हैं, जिसे एक सकारात्मक परंपरा माना जाता है। खासकर पारंपरिक परिवारों में जब बहुएं बड़ों के पैर छूने के साथ-साथ आदर से उनके पैर दबा भी देती हैं, तो इससे बुजुर्गों के थके और दर्द करते जोड़ों को राहत मिलती है। यह छोटा-सा स्पर्श उनके सूनेपन को कम करता है और उन्हें यह एहसास दिलाता है कि परिवार में उनका मान-सम्मान बरकरार है और वे बेकार नहीं हुए हैं। एक वर्ग का मानना है कि आज की पीढ़ी आर्थिक चमक-दमक और स्वतंत्र पहचान बनाने की होड़ में भावनात्मक संवेदनाओं से दूर होती जा रही है। इसी कारण कई बार अपनी अलग पहचान गढ़ने की कोशिश में वे परिवार के भीतर ही अपनेपन से कटती जाती हैं।
आज की परिस्थितियों को देखते हुए एक व्यावहारिक दृष्टिकोण यह भी है कि यदि किसी रस्म को लेकर घर में रोज़ तनाव या कलह की स्थिति बनती हो, तो उसे जबरन थोपने के बजाय सहजता अपनाना ही बेहतर है। जब किसी छोटी-सी बात पर टकराव बढ़े या कोई स्पष्ट रूप से मनाही कर दे, तो अनावश्यक खींचतान से बचकर आत्मसम्मान और घर की शांति बनाए रखना ही समझदारी मानी जाती है। (उर्वशी)उषा जैन ’शीरीं‘