गुड़ की मिठाइयां Ai Generated Image
अपराजिता

सर्दियों के मौसम में बनाएं गुड़ के स्वादिष्ट व्यंजन

Om Prakash Mishra

सर्दियों के मौसम में अनेक प्रकार के फल सब्जी काफी मात्रा में मिलते हैं। वहीं तिल,गुड़, मूंगफली आदि भी मिलते हैं जिसे गरीबों का मेवा कहा जाता है जो काफी पौष्टिक व स्वास्थ्यवर्धक हैं। इनमें प्रोटीन व कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा होती है।

अक्टूबर-नवंबर के महीने में गन्ने की फसल कटती है इसलिए गुड़ ताजा सर्दियों में मिलता है। वैसे तो गुड़ बाजार में बारह महीने मिलता है। गर्मियों के मौसम में गुड़ पिघलने लगता है और बरसात के मौसम में गुड़ में चिपचिपाहट आ जाती है।

गुड़ गन्ने के रस से बनता है। गन्ने के रस को लोहे की कड़ाही में उबाल कर गाढ़ा किया जाता है। लोहे की कड़ाही में उबालने के कारण इसमें पर्याप्त मात्रा में आयरन मिलता है।

गुड़ में कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा अधिक होती है। अनीमिया के रोगी के लिये गुड़ बहुत लाभकारी है। आयुर्वेद में गुड़ को काफी लाभकारी माना गया है। कई दवाइयां गुड़ के साथ दी जाती हैं।

मोटे व डायबिटिज वाले व्यक्ति गुड़ का प्रयोग सीमित मात्रा में करें। थोड़ा सा गुड़ प्रतिदिन खाने से भोजन करने में जो मिट्टी अन्दर चली जाती है वह एकत्र नहीं हो पाती। इसलिए सर्दियों के मौसम में गुड़ या गुड़ से बनी चीजें अवश्य खायें। गुड़ से अनेक प्रकार के व्यंजन बन सकते हैं। गुड़ से कुछ व्यंजन निम्न प्रकार से बना सकते हैं।

मूंगफली के लड्डू

मूंगफली के लड्डू

सामग्री:- 200 ग्राम गुड़, 50 ग्राम मूंगफली के दाने, एक चम्मच घी।

विधि:- कड़ाही में घी डालकर मूंगफली भून लें। मूंगफली निकालकर कड़ाही में गुड़ डाल कर अच्छी तरह चलायें। जब गुड़ कसा होने लगे तो उसमें भुनी हुई मूंगफली डालकर अच्छी तरह मिलायें।

थाली में देसी घी लगाकर उस मिश्रण को कड़ाही में से निकालकर थाली में रखें। हल्का ठण्डा हो जाने पर अपने हाथों में घी लगाकर उस मिश्रण के लड्डू बनायें।

मूंगफली की पट्टी

गुड़ से बनी मूंगफली की पट्टी

सामग्री :- 200 ग्राम गुड़, 50 ग्राम भूनी मूंगफली के दाने, 5-6 काजू के टुकड़े

इच्छानुसार कसा नारियल, थोड़ा सा देसी घी।

विधि:- कड़ाही को गर्म कर उसमें गुड़ को डाल कर चलायें। जब गुड़ गाढ़ा होने लगे, तब उसमें तली हुई मूंगफली के दाने डालकर मिलायें। नीचे उतारकर उसमें नारियल और काजू के टुकड़े डालकर मिला लें। थाली में देसी घी लगाकर उस मिश्रण को थाली में फैला दें। उसे आप अपनी इच्छानुसार आकृति में काट लें।

गुड़ से बने तिल के लड्डू

गुड़ से बने तिल के लड्डू

सामग्री:- गुड़ 400 ग्राम, 100 ग्राम तिल, एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर, 5 से 10 काजू के टुकड़े, 10 ग्राम किशमिश, कसा हुआ नारियल।

विधि:- तिल को गुलाबी होने तक भून लें। कड़ाही में गुड़ को गर्म कर लें। भुने हुए तिल उसमें डाल दें। काजू के टुकड़े, किशमिश, इलायची पाउडर व कसा हुआ नारियल डाल कर मिलाकर नीचे उतार लें।

हल्का सा ठण्डा होने पर लड्डू बनायें। थाली में घी डालकर उस थाली में लड्डू रखते जायें।

गुड़ चिड़वा

गुड़ से बनी चिड़वे की पट्टी

सामग्री:- 100 ग्राम गुड़, 50 ग्राम चिड़वा ।

विधि:- गुड़ को कड़ाही में गर्म कर लें। उसमें चिड़वा डालकर अच्छी तरह से मिलायें। एक थाली में घी लगाकर उसमें इस मिश्रण को कड़ाही से निकालकर थाली में फैलायें। ठण्डा होने पर या हल्के गर्म में ही अपनी इच्छानुसार आकृति में काट लें।

(उर्वशी)नीलम गुप्ता

SCROLL FOR NEXT