रसोईघर AI Generated Image
अपराजिता

क्या आपकी रसोई सचमुच साफ है ? जानिए वो छोटी गलतियां जो सेहत पर भारी पड़ सकती हैं

author

रसोईघर की सफाई, व्यवस्था और सुरक्षा

तंदुरुस्ती के लिए सफाई उतनी ही जरूरी है जितना जीने के लिए खाना। बात जब खाने की हो तो सबसे पहले ध्यान रसोईघर की ओर जाना स्वाभाविक ही है। घर की व्यवस्था को ठीक ढंग से चलाने में रसोईघर की भूमिका अहम होती है। अगर रसोईघर ही साफ-सुथरा व व्यवस्थित न हो, तो वहां तैयार होने वाला भोजन कैसे साफ-सुथरा रह सकता है।

सफाई की सामग्री और आदत

रसोईघर की सफाई के लिए महत्त्वपूर्ण बातों में सर्वप्रमुख है कि सफाई के लिए आवश्यक सामान-जैसे कूड़ादान, झाड़ू, विम पाउडर, साबुन, नायलॉन का ब्रश, नारियल का कूचा और साफ कपड़ा-रसोईघर में बराबर उपलब्ध रहें। प्रायः यह देखा जाता है कि गृहिणी खाना पकाने की अपनी जिम्मेदारी तो पूरी कर लेती हैं, लेकिन रसोईघर के सामान अव्यवस्थित पड़े रहते हैं। अतः रसोईघर में सफाई एवं सामान व्यवस्थित करने की आदत का होना अति आवश्यक है।

बर्तनों और सामानों का रखरखाव

रसोईघर के आवश्यक सामानों को जब बाजार से खरीदकर लाएं, तो संबंधित जार या बर्तन को भली-भांति साफ करके ही उसमें सामान रखें। रसोईघर में अगर जगह कम हो, तो बर्तन रखने के लिए दीवार में स्टैंड लगवा लें। इससे बर्तन रखने में काफी सुविधा होगी। थाली स्टैंड में थाली, प्लेट स्टैंड में प्लेट व चम्मच स्टैंड में चम्मच रख दीजिए। इस प्रकार सभी बर्तन व्यवस्थित रहेंगे। इससे जगह भी अधिक बचेगी और रसोई देखने में सुंदर लगेगी।

रोजमर्रा की वस्तुओं की सही जगह

अन्य वस्तुओं को भी क्रम से डिब्बे या शीशे के पात्र में सजाकर रखें। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं सुनिश्चित स्थान पर ही रखनी चाहिए, जैसे—चाकू, कैंची, चिमटा, माचिस, लाइटर, मोमबत्ती इत्यादि। रसोईघर में एक छोटा स्टूल भी रखना चाहिए ताकि कुछ ऊंचाई पर कोई सामान हो, तो उतारने में असुविधा न हो।

कचरा प्रबंधन और पानी की व्यवस्था

रसोईघर के एक कोने में ढक्कन वाले (बंद) कूड़ेदान का होना भी नितांत आवश्यक है। खाना बनाने की प्रक्रिया में जो भी कचरा, छिलका आदि निकले, उसे कूड़ेदान में डालते जाएं। खाना बनाने के उपरांत कूड़ेदान के कचरे को यथाशीघ्र बाहर उचित स्थान पर डाल दें, अन्यथा उसमें कीटाणु पैदा हो जाएंगे। रसोईघर में पानी की टंकी या नल भी लगा होना चाहिए ताकि बार-बार पानी लाने के लिए रसोई से बाहर न जाना पड़े।

खाना बनाते समय सुरक्षा और पहनावा

रसोईघर में ढीले-ढाले व फैलावदार वस्त्र पहनकर काम नहीं करना चाहिए। नायलॉन या टेरीलीन की साड़ी पहनकर खाना कभी न बनाएं और न ही शॉल या चादर ओढ़कर खाना बनाना चाहिए। कभी-कभी चूल्हे या स्टोव पर से जल्दी में कड़ाही उतारते समय गृहिणी अपने आंचल का उपयोग कर लेती हैं, खासतौर पर जब दूध आदि उफन रहा हो। अतः ऐसे मौके के लिए एक छोटा तौलिया या सूती कपड़ा अपने पास अवश्य रखें। (उर्वशी)अनिल कुमार

SCROLL FOR NEXT