वैवाहिक संबंधों को हेल्दी बनाने के लिए हॉलिडे पर जाना एक अच्छा विकल्प है। अगर आपके परिवार में बच्चे हैं तो पूरे परिवार के साथ आप अपने संबंधों को हेल्दी बना सकते हैं और उन्हें पूरा समय देकर उनको प्रसन्न कर सकते हैं।
आपसी संबंधों में गर्माहट कायम रखने के लिए अपने पार्टनर के साथ कहीं दूर जा कर ,सब तनावों से दूर रूटीन कामों से दूर रहकर रिलेशनशिप को स्ट्रांग बनाना अतिआवश्यक है। आज की भागमभाग की जिंदगी में रिश्तों के लिए भी उचित समय निकलता मुश्किल होता जा रहा है। इसलिए संबंधों में दरार भी बढ़ती जाती है। इन दूरियों को दूर करने के लिए एक लंबी छुट्टी का ब्रेक तो बनता है ताकि रिलेशन हेल्दी बने रह सकें।
एकदूसरे के साथ समय बिताने से आप दोनों के बीच का मनमुटाव दूर होगा। साथ में इकट्ठे समय बिता कर आपको यह पता चल जाएगा कि आपका पार्टनर आपसे क्या चाहता है।
इस दौरान उसे विश्वास दिलाएं कि आप उसे बहुत प्यार करते हैं ताकि वह अपने आपको असुरक्षित महसूस न करे।
अधिक समय तक साथ रहने से कभी-कभी छोटी-मोटी बात पर बहस होनी जरूरी है। ऐसे में बहस को लंबा न खींचकर बात सुनने की आदत डालें ताकि बहस बढ़ने न पाए,जल्दी खत्म हो जाए।
अपनी भावनाएं शेयर करें,शिकायतों का पुलिंदा न खोलें, मिलकर पुराने बिताए अच्छे लम्हों को याद करें,पुरानी फोटोज देखें,फिल्म साथ-साथ देखें,अपनी मनपसंद पुस्तकें दोनों साथ बैठ कर पढ़ें और विचार करें कि हम अपनी लाइफ को और बेहतर कैसे बना सकते हैं।
छुट्टी का प्लान बनाने से पूर्व अपने पार्टनर से पूर्व उसके पसंद के स्थान के बारे में जरूर पूछें और यथासंभव वहीं का प्लान बनाएं।
अगर किसी दिन आपस में बहस हो गई है तो उसे अगले दिन तक लिंगर ऑन न करें। सॉरी बोलकर फिर से रिश्तों में मिठास घोलें। याद रखें आप हाॅलिडे पर अपने संबंधों को स्ट्रांग करने के लिए आए हैं न कि उन्हें बिगाड़ने।
हाॅलिडे पर पूरा समय अपने पार्टनर को दें ताकि जब आप वापस लौटें तो नए,हेल्दी रिलेशन के साथ। सुनीता गाबा (उर्वशी)