सजना-संवरना महिलाओं की फितरत है। सिर से लेकर पांव तक सब कुछ स्टाइलिश लगना चाहिए। तभी तो आजकल महिलाएं फुटवियर भी खूबसूरत और स्टाइलिश पहनना पसंद करती हैं। उन्हें डिजाइनर फुटवियर चाहिए फिर चाहे वे हाई हील वाले शूज हों या पेंसिल हील वाले सैंडिल।
मार्केट में अब एक से बढ़कर एक फुटवियर मौजूद हैं जिन्हें देखते ही खरीद लेने का मन करता है। कई बार ऐसा होता है कि जब आप कुछ सामान खरीदने मार्केट जाती हैं तो वहां आपकी नजर शोरूम में रखे नये स्टाइलिश सैंडल पर पड़ जाती है और बस आप उसे ही खरीद लेने का मन बना लेती हैं।
कुछ महिलाओं की तो हॉबी ही होती है फुटवियर खरीदना। उनके शू-रैक में तरह-तरह के फुटवियर्स के ढेर लगे होते हैं। इस संबंध में काफी सर्वे भी हो चुके हैं जिससे ये साबित हो चुका है कि लगभग 25 लाख महिलाएं महीने भर में 30 जोड़े फुटवियर खरीदती हैं। आजकल मैचिंग शूज का प्रचलन काफी बढ़ गया है जबकि इंसान को जितनी चादर उतने ही पैर फैलाने चाहिए। मैचिंग शूज अच्छे जरूर लगते हैं किन्तु हर एक ड्रेस के साथ के मैचिंग शूज़ कहां से आयेंगे, इसलिए इन पर फिजूल में पैसा बर्बाद करने से अच्छा है कि मल्टीकलर में शूज लें जो लगभग सभी तरह के कपड़ों से मैच कर सके।
जब भी फुटवियर खरीदें, यह जरूर ध्यान रखें कि किस तरह की ड्रेस के साथ पहनेंगी चूंकि ट्रेडिशनल ड्रेस के साथ ट्रेडिशनल सैण्डल ही अच्छे लगेंगे और मार्डन ड्रेस के साथ स्टाइलिश लुक वाले सैण्डल ही अच्छे लगेंगे। फ्लैट शूज हर तरह के परिधान पर अच्छें नहीं लगते । ये भी कुछ ही प्रकार के कपड़ों के साथ अच्छे लगते हैं। हर तरह के परिधानों के साथ ये नहीं जचेंगे। आकर्षक दिखने के लिए आपको स्टाइलिश बनना पड़ेगा। इसके लिए आपको अपने फुटवियर पर भी बहुत ध्यान देना होगा। फुटवियर में ज्यादातर अब जूतों का जमाना है। आजकल एक से बढ़कर एक वैराइटी जूते में उपलब्ध मिलेगी। अलग-अलग रंग और डिजाइन में जूतों की रेंज मार्केट में उपलब्ध है। फ्लैट हील से लेकर हाई हील, प्लेटफार्म हील मार्केट में एक से बढ़कर एक हील डिजाइन मौजूद हैं। इंटरनेशनल डिजाइन्स भी आजकल हमारे बाजारों में उपलब्ध हैं। आप भी पसंद कर सकती हैं।
बाजार में फुटवियर्स की एक से बढ़कर एक वैरायटी उपलब्ध हैं। वेजेज, फ्लिप-फ्लॉप, ब्लॉक हील, कोक हील, बूट, फ्लैट इन सभी के अलग-अलग स्टाइल बाजार में उपलब्ध हैं। शूज की डिमांड बहुत ज्यादा बढ़ी है। जींस टॉप, कैपरी आदि वैस्टन ड्रेसेज पर तो स्पोर्ट्स शूज कुछ ज्यादा ही अच्छे लगते हैं लेकिन सलवार-कमीज और साड़ी के साथ भी शूज पहनने का फैशन जोरों पर है। वैसे भी जो आप पहनें, वही फैशन है। कहीं और से तो इसके लिए नियम बनकर नहीं आते कि आपको यही पहनना है और वह नहीं पहनना। जो भी आप पहनती हैं, वही आपका स्टाइल है। (उर्वशी)शिखा चौधरी