पति-पत्नी Ai Generated Image
अपराजिता

जीवनसाथी को ऐसे सुरक्षित महसूस करवायें

Om Prakash Mishra

पत्नी पति के साथ सुरक्षित महसूस करती है, पर कभी-कभी आपसी संबंध अच्छे न हों तो पत्नी असुरक्षित महसूस करती है। जब पत्नी स्वयं को असुरक्षित महसूस करे तो वह अपने पार्टनर को दिल से वह प्यार नहीं दे सकती जितना एक लविंग कपल में होता है। आइए आप भी कुछ बातों को ध्यान में रखें जिनसे आपकी अर्द्धांगिनी सुरक्षित महसूस कर सके।

पत्नी की बात सुनना और विश्वास दिलाना : पत्नी की बातों को ध्यान से सुने और उसे महसूस करवाएं कि आप उस पर विश्वास रखते हैं। उसे यह महसूस हो कि आप उसकी समस्याओं को ध्यान से सुनते हैं। जहां आपको लगे कि उसे सलाह दी जा सकती है, उचित सलाह दें।

क्वालिटी टाइम बिताना : अपनी पत्नी के साथ क्वालिटी टाइम बिताएं। बिना क्वालिटी टाइम के आपसी संबंध अधिक समय तक नहीं टिक पाते। कम से कम अपने व्यस्त जीवन में से रात्रि में एक या आधा घंटा उसके लिए रखें। तब बस आप दोनों ही साथ हों, न ऑफिस की बातें, न बच्चे, न परिवार, बस आप दोनों हों।

खास महसूस करवाना : कुछ आसान नुस्खों को अपनाते हुए उसे खास महसूस करवायें ताकि उसे लगे कि वह आपके लिए विशेष है, जैसे कभी-कभी उसे सरप्राइज़ गिफ्ट देकर, उसके लिए उसकी पसंद का खाना बनाकर, कुछ जादुई प्यार भरे शब्द बोलकर, हां यह याद रखें कि उसे यह महसूस न हो कि आप दिखावा कर रहे हैं। अपनेपन से ही प्यार जताएं।

पारदर्शिता रखना : उससे कुछ छिपाएं नहीं। लुकाव छिपाव भी प्यार को कम करते हैं। इससे भी वह असुरक्षित महसूस करेगी।

फैसलों में आजादी : कुछ फैसलों के लिए उसे आजाद रखें ताकि आपसी रिश्तों में प्रगाढ़ता बनी रह सके।

प्राइवेसी और ईर्ष्या से बचाव : कभी भी उसकी प्राइवेसी में किसी प्रकार की दखलअंदाजी न करें। कभी किसी प्रकार की ईर्ष्या न करें। ईर्ष्या व द्वेष आपसी संबंधों में जहर घोलने का काम करते हैं।

सही मार्गदर्शन और परवाह : यदि आपको कुछ गलत लगता है तो उसे सावधान अवश्य करें ताकि वह महसूस कर सके कि आप उसे तहे दिल से चाहते हैं, उसकी परवाह करते हैं।

समस्याओं में साझेदारी : यदि आप स्वयं किसी समस्या से जूझ रहे हैं तो उससे खुल कर बात करें। उससे सलाह लें। वैसे अधिकतर पुरुष भावुक होते हैं। सलाह लेने पर उसे लगेगा कि आप उसे अपना समझते हैं और आपके जीवन में उसका महत्वपूर्ण स्थान है।

प्यार भरा स्पर्श : अवसर पाते ही उसे प्यार भरा स्पर्श अवश्य करें ताकि वह स्वयं को आपके नजदीक महसूस करे। प्यार के दो शब्द और स्नेहिल स्पर्श आपके प्यार की दास्तान बयान कर देते हैं।

आर्थिक स्वतंत्रता : उसे आर्थिक रूप से भी आजाद रखें। बस इतना ध्यान रखें कि वह अधिक फिजूलखर्ची न करे। यदि कभी ऐसा महसूस हो तो उसे प्यार से समझाएं।

घरेलू जिम्मेदारियों का बंटवारा : दोनों नौकरीशुदा हैं तो उसके साथ घरेलू जिम्मेदारियों को भी बांटें। उसकी समस्या में स्वयं शामिल हों ताकि वह सुरक्षित महसूस कर सके। (उर्वशी)

नीतू गुप्ता

SCROLL FOR NEXT