वर्किग वूमन के लिए कुछ आसान कुकिंग टिप्स AI Generated Image
अपराजिता

वर्किंग वूमन के लिए स्मार्ट कुकिंग: एडवांस प्लानिंग, स्टोरेज और टाइम सेविंग टिप्स

फ्रिज में सही स्टोरेज, मसालों की एडवांस तैयारी, पहले से गूंथा आटा और भिगोई दालें अपनाकर ऑफिस और किचन के बीच समय प्रबंधन को संतुलित बनाया जा सकता है

दोनों मोर्चों को एकसाथ संभालना किसी के लिए भी मुश्किल हो सकता है। अगर परिवार का सहयोग हो तो रास्ता थोड़ा आसान हो जाता है। वैसे थोड़ी सूझबूझ से भी कुकिंग को कामकाजी महिलाएं कुछ आसान बना सकती हैं।

तैयार करें एडवांस में मेन्यू

सप्ताह भर का मेन्यू पहले तैयार कर लें। मेन्यू के अनुसार सब्जियां, दालें, भी खरीद लें ताकि आपका समय बच सके। इसके अतिरिक्त मसाले, प्याज, लहसुन, टमाटर भी खरीद कर रख लें जो इनको तैयार करने के लिए जरूरी हों। ध्यान रहे सामान अधिक मात्रा में खरीद कर न रखें । एडवांस प्लानिंग का अर्थ यह नहीं कि आप सामान की वेस्टेज करें।

काट कर स्टोर करें
  • अगर मेन्यू पहले से तैयार है तो उसी के अनुरूप रात्रि में प्याज,टमाटर, लहसुन व अदरक काट कर एअर टाइट डिब्बे में रख लें ताकि प्रातः का कीमती समय बचा सकें। टमाटर का पेस्ट आप दो तीन दिन के लिए इकट्ठा बना कर रख सकती हैं।

  • इसी प्रकार लहसुन,अदरक प्याज भी दो तीन दिन का काट कर रख सकती हैं। टी.वी देखते समय प्रातः के लिए सब्जी काट कर एअर टाइट डिब्बे में रख लें। धनिया, पुदीना भी तोड़कर रख लें ताकि चटनी बना सकें या धनिया पत्ती का सब्जी में प्रयोग कर सब्जी को टेस्टी बना सकें।

फ्रिज में सही से करें स्टोर
  • कटी हुई सब्जियों को पालिथिन में स्टोर न करें, सब्जियां गल सकती हैं। कटी हुई सब्जी को साफ्ट काटन के कपड़े में रख कर डिब्बे में रखें। कटे प्याज,लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, धनिया, पुदीना भी एअर टाइट डिब्बों में रखें ।

तैयार करें प्यूरी और सॉस
  • टमाटर प्यूरी को एडवांस में तैयार करके रखें। इसी प्रकार मस्अर्ड सॉस, चिली सॉस, सोया सॉस भी पहले से तैयार करें। इससे आपकी कुकिंग का समय काफी बच सकेगा ।

मसालों को भी रखें एडवांस में

  • कुछ घरों में कुकिंग करते समय सूखे मसालों का प्रयोग अधिक होता है,प्याज लहसुन का कम। अपने घर की जरूरत अनुसार सूखे मसाले एक माह के प्रयोग के मुताबिक खरीद कर रखें। जिन मसालों को घर में पीसना हो, उन्हें साफ कर पीस कर रखें।

  • रेडीमेड मसाले जो चाहिए, उन्हें खरीद कर रखें। इसके अतिरिक्त बेकिंग पाउडर भी घर पर रखें। मसालों की डिब्बी पर डेट अवश्य डाल दें ताकि एक्सपायरी से पहले उनका प्रयोग हो सके। रेडिमेड मसालों को ठीक से स्टोर करें। डिब्बों पर इस संबंधी निर्देशों को पढ़ लें।

कुछ चीजें बॉयल कर पहले रखें
  • एक किलो आलू एडवांस में उबाल कर रखें ताकि आलू के परांठे बनाए जा सकें या आलू की सब्जी भी बना सकते हैं। राजमां, छोले, रोंगी, काले चने आफिस जाने से पूर्व भिगोकर रख जाएं और रात्रि में उन्हें उबाल कर रख लें। सुबह तड़का तैयार कर बना सकते हैं और समय बचा सकती हैं। थोड़े राजमां, सफेद छोले और काले चने के एक्सट्रा दाने उबाल कर फ्रीज कर सकती हैं और अचानक बनाने पड़े या मेहमान आ जाएं तो प्रयोग कर सकती हैं।

आटा पहले गूंथ लें
  • चपाती बनाने के लिए आटा रात्रि में या प्रातः चाय बनाते समय गूंथ कर रख सकती हैं ताकि रोटी पैक करने के लिए समय बच सके। आटा आप दो तीन वक्त का इकट्ठा गूंथ कर फ्रिज में रख सकती हैं। दाल बचने पर दाल को आटा में मिलाकर प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, थोड़ा बेसन मिला कर गूंथ सकती हैं जो नाश्ते में परांठें बनाने के काम आ सकता है।

फल, सब्जियां, दालें पहले भिगो कर रखें
  • मेन्यू अनुसार जो दाल, सब्जी बनानी हो, उसे प्रातः उठते ही पानी में धोकर भिगों दें ताकि दाल बनने में समय भी कम लगे और उस पर लगा रंग भी छूट जाए। इसी प्रकार रात्रि की कटी सब्जी प्रातः भिगो दें ताकि उसके रंग और उन पर किए छिड़काव का प्रभाव कम हो सके। फ्रिज से निकली सब्जी रूम टेम्परेचर पर भी आ जाएगी और बनने में कम समय कम लगेगा। इसी प्रकार सलाद और फ्रूट जो आफिस ले जाना है, उसे भी प्रातः पानी में डाल कर रख दें ताकि पोंछ कर उन्हें काटा जा सके। नीतू गुप्ता(उर्वशी)

SCROLL FOR NEXT