सौंदर्य 
अपराजिता

सौन्दर्य हेतु लाभप्रद होते हैं फल

सच पूछा जाए तो खूबसूरत चेहरे तो हमें कितनी बार देखने को मिलते हैं किन्तु स्वस्थ आभायुक्त चेहरा बहुत कम ही देखने को मिलता है। अपने चेहरे की चमक के लिए बहुत जरूरी है कि आप संतुलित आहार लें। दूध, हरी सब्जियों के साथ-साथ फलों का सेवन भी बहुत जरूरी है। यहां कुछ फलों के बारे में उल्लेख किया गया है जिनका सेवन कर तथा उनके ‘फेसपैक‘ से आप भी अपनी चेहरे की आभा को बरकरार रख सकती हैं।

पपीता

पपीते के एक कप चौकोर टुकड़े में 70 कैलोरी ऊर्जा होती है। पके या कच्चे पपीते का नियमित सेवन करने से न केवल हाजमा ठीक रहता है बल्कि पुराने कब्ज से भी छुटकारा मिलता है। झुर्रियों वाले चेहरे पर पपीते का ‘फेस-पैक‘ रामबाण का काम करता है। कुछ बूंद शहद के साथ पपीते को मसल कर चेहरे पर बीस मिनट तक लगाएं तथा ठन्डे पानी से धो डालें। इससे चेहरे की काली झांइयां समाप्त हो जाती हैं।

अंगूर

30 ग्राम अंगूर में 16 कैलोरी ऊर्जा पाई जाती है। अंगूर से हमें प्रचुर मात्रा में विटामिन- सी मिलता है। अंगूर के रस को शहद की कुछ बूंदों के साथ चेहरे पर लगाने से चेहरे की कसावट बनी रहती है तथा रंग भी निखरता है।

तरबूज

एक फांक तरबूज में 40 कैलोरी ऊर्जा होती है। गर्मी में इसका सेवन करने-से शरीर शीतल रहता है। तरबूज के रस को ही आप पन्द्रह मिनट तक चेहरे पर लगा कर रखें। इसके बाद ठन्डे पानी से मुंह धो लें। इससे चेहरा आभायुक्त दिखाई देता है।

नींबू

  • यह सभी घरों में आमतौर पर पाया जाने वाला फल है। इसमें 20 कैलोरी ऊर्जा के साथ- साथ प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है। एक गिलास पानी में आधा चम्मच नींबू रस मिलाकर पीने से न केवल मोटापा दूर होता है अपितु पेट साफ रहता है और चेहरे पर चमक आती है।

  • नींबू रस की कुछ बूंदें, कच्ची हल्दी और दही मिला कर चेहरे तथा बदन पर लगाएं तथा बीस मिनट के बाद ठन्डे पानी से धो डालें। इस ‘फेसपैक‘ से आपका रंग निखरेगा और चेहरे की तथा बदन की त्वचा पर कसावट भी महसूस करेंगी।

  • बाल धोने के बाद आखिर में एक मग में पानी में कुछ बूंद नींबू का रस डालें और बालों को इससे धो लें तो बाल चमक उठेंगे।

  • बालों में मेंहदी लगाते समय मेंहदी के पेस्ट में नींबू का रस से डालने से बालों में रंग अच्छा चढ़ता है। आधे नींबू के रस को ही डालें अन्यथा बाल रूखे होने की संभावना होती है।

संतरा

  • 90 ग्राम संतरे में 50 कैलोरी ऊर्जा तथा 10 ग्राम कार्बोहाइर्डेट के अतिरिक्त विटामिन सी भी पाया जाता है।

  • संतरे के सूखे छिलकों का चूरा, एक चम्मच बेसन, एक चम्मच कच्चा दूध, कच्ची हल्दी, थोड़ी सी मलाई का उबटन बना कर चेहरे तथा गर्दन पर लगाएं। 20 मिनट के बाद कुनकुने पानी से चेहरा धो लें तथा हल्के ‘माश्चराइजर‘ का प्रयोग करें। यह गोरे होने का उत्तम फेस पैक है। दो बादाम को कच्चे दूध में पीस कर गाजर के रस तथा संतरे के रस को मिला कर चेहरे और गर्दन पर नियमित रूप से लगाएं। यह लेप चेहरे पर झांइयों को दूर करता है।

केला

100 ग्राम केले में 116 कैलोरी पाई जाती है। केले के सेवन से खून में लौह तत्व की कमी पूरी होती है, वजन बढ़ता है और चेहरे में चमक आती है। चेहरे पर जब झाइयां पड़ने लगें तो केले का लेप नियमित रूप से लगाने से चेहरा चमक उठता है और चेहरे में कसावट आती है। एक पके हुए केले में कुछ बूंद शहद डाल कर मसल कर चेहरे व गर्दन पर लगाएं। बीस मिनट के बाद इसे धो डालें।

सेब

  • इस फल में बड़े ही पौष्टिक तत्व होते हैं। विटामिन और तत्वों के साथ-साथ 900 ग्राम सेब में 50 कैलोरी ऊर्जा भी पाई जाती है। इसका नियमित सेवन स्वास्थ्य एवं सौन्दर्य के लिए बहुत उपयोगी है।

  • रूसी के लिए सेब का रस एक उत्तम टॉनिक का काम करता है। एक बड़ा चम्मच सेब का रस निकाल कर उसमें तीन चम्मच कुनकुना गर्म पानी डालें। शैम्पू करने के पश्चात बालों को अंत में इस पानी से धो लें। हफ्ते में दो तीन बार ऐसा करने से काफी लाभ होता है। रूबी(स्वास्थ्य दर्पण)

SCROLL FOR NEXT