आज महिलाएं अपने सौंदर्य के प्रति बहुत जाग्रत हैं। वैसे भी आज का युग सौंदर्य प्रधान युग है। फिर कौन महिला खुद को ‘ब्यूटी क्वीन’ कहलवाना पसंद नहीं करती। नारी की इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आज अनेक कम्पनियां खुल गई हैं, जो बड़े पैमाने पर महिलाओं हेतु सौंदर्य प्रसाधनों का निर्माण करती हैं मगर ये सौंदर्य प्रसाधन इतने महंगे होते हैं कि मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाएं इन्हें खरीद नहीं पातीं।
निराश न होइए। आपके लिए भी सस्ते व आसानी से उपलब्ध होने वाले सौंदर्य प्रसाधन मौजूद हैं। शायद आप नहीं जानती कि मुल्तानी मिट्टी भी आप की सुंदरता को चार चांद लगा सकती है। बस! जरूरत है तो थोड़ी मेहनत की। तो आइए देखें-
मुल्तानी मिट्टी से बने फेसपैक को नियमित चेहरे पर लगाने से चेहरा निखर जाता है।
2 छोटे चम्मच पिसी हुई मुलतानी मिट्टी, 1 छोटा चम्मच नींबू का रस, 1 छोटा चम्मच बेसन और जरा-सी हल्दी मिलाकर लेप बनाएं। इसे लगाने से मुंहासे दूर होंगे।
काली त्वचा के लिए 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, 1 चम्मच मलाई, 1 चम्मच सरसों का तेल, 1 चम्मच बेसन व जरा-सी हल्दी मिलाकर बनाएं। पेस्ट को नहाने से पहले पूरी त्वचा पर लगाने से त्वचा का कालापन दूर होता है।
यदि आपकी त्वचा तैलीय है तो मुल्तानी मिट्टी और गुलाबजल को मिलाकर लेप बनाकर चेहरे पर लगाएं, लाभ होगा।
दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी, पांच बादाम की गिरियां व चार चम्मच खीरे का रस मिलाकर लेप बनाएं। इसे सप्ताह में एक बार चेहरे पर लगाएं। झुर्रियां दूर होगी।
दो बड़े चम्मच मुल्तानी मिट्टी, एक बड़ा चम्मच दही, एक बड़ा चम्मच नींबू का रस मिलाकर बालों पर लगाएं। कुछ समय बाद बालों को धो लें। इससे बाल काले, घने व मुलायम होंगे।
दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी व चार चम्मच टमाटर के रस का मिश्रण तैयार करें। इसे रोजाना चेहरे पर लगाने से चेहरा साफ व कोमल होगा।
एक चम्मच शहद, एक चम्मच बादाम का तेल व दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी का लेप बनाकर चेहरे पर लगाएं। लगभग 20 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। इससे भी चेहरे पर निखार आएगा।
मुल्तानी मिट्टी, मलाई, शहद, बेसन, गुलाबजल को बराबर मात्रा में मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे 15-20 मिनट तक चेहरे पर लगाएं व कुछ समय बाद गुनगुने पानी से धो लें। इससे साधारण चेहरा भी खिल उठेगा।
मुल्तानी मिट्टी प्रकृति की अनमोल देन है। इसके नियमित प्रयोग से आप अपने सौंदर्य को फूलों की भांति महका सकती हैं। तो फिर देर किस बात की। आज ही इसका प्रयोग करना शुरू कर दीजिए।
भाषणा बांसल (उर्वशी)