आपको अपने ऑफिस जाने के लिए लंच बॉक्स या कुछ फाइलें ले जानी हैं या शॉपिंग के लिए जाना चाहती हैं, या फिर कोचिंग या कॉलेज जाने के लिए बुक्स रखनी हैं तो आप परेशान हो जाती हैं किन्तु अब आप परेशान मत होइए क्योंकि इन सामानों को रखने के लिए मार्केट में अनेक ट्रेंडी हैंडबैग्स मौजूद हैं। ये हैंडबैग्स इतने सुन्दर हैं कि इन्हें अपने कंधे पर लटकाने में आप गर्व महसूस करेंगी। इतना ही नहीं, आप इस बैग के साथ माॅर्डन भी लगेंगी।
मार्केट में इन बैग्स की अनेक वैरायटी मौजूद हैं। साथ ही इनके अनेक साइज तथा कलर भी मौजूद हैं। इन बैगों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये बैग सस्ते भी हैं। हर कोई इन्हें आसानी से खरीद सकता है। ये अलग अलग आकार में भी मौजूद हैं। बस, अब आप मार्केट जाइए और अपनी पसन्द के डिजाइन तथा कलर के बैग खरीदकर शाम से कन्धे पर लटका कर घर आ जाइए।
बैग की पहली वैरायटी है लेदर बैग्स। प्योर लेदर से बने हैंडबैग्स तो हमेशा से ही फैशन में रहे हैं। इनमें प्रायः ब्लैक तथा ब्राउन कलर ही आता है। इस बैग को घर में धोया नहीं जा सकता किन्तु गन्दा होने पर इसे भीगे कपड़े से अच्छी तरफ साफ किया जा सकता है। ये बैग्स टिकाऊ होते हैं। कुछ हैंडबैग्स हल्की किस्म के लेदर से भी बने होते हैं जो असली लेदर की अपेक्षा सस्ते में मिल जाते हैं।
बंगाल के शान्ति निकेतन नामक स्थान पर बने लेदर बैग्स को ’शांतिनिकेतन लेदर बैग्स‘ कहा जाता है। इस पर गुदाई या इम्बोस द्वारा डिजाइन बने होते हैं। देखने में ये बड़े आकर्षक होते हैं। ये बैग बोट शेप, चौकोर शेप तथा आयताकार शेप बाजार में उपलब्ध होते हैं। इनके रखरखाव में विशेष सावधानियां रखनी होती हैं। यूज न करने की स्थिति में इसे कागज में फोल्ड करके ही रखना होता है अन्यथा ये खराब हो सकते हैं। गंदा होने पर इन्हें सिल्क या मसलिन क्लॉथ से साफ किया जा सकता है।
क्रोशिए से बने हुए हैंडबैग्स भी मार्किट में मिलते हैं। इनमें मोती व लकड़ी के बीड्स पिरोकर इन्हें एक अट्रैक्टिव लुक दिया जाता है। इसमें छोटे-छोटे पॉकिट भी बने होते हैं। ये छोटे-बड़े सभी साइज में मिल जाते हैं। अन्दर से इनमें कपड़ा भी लगा दिया जाता है ताकि इनकी ट्रांसपरेंसी हट जाए।
जींस के बने हुए डेनिम हैंडबैग्स भी काफी आकर्षक होते हैं। ये बैग अनेक पाकेटों से युक्त होते हैं जिनमें छोटे-मोटे सामान आराम से रखे जा सकते हैं। इन बैग्स पर आकर्षक बक्कल भी लगे होते हैं जो इन बैग्स को एक ट्रेंडी लुक देते हैं। इन बैग्स की विशेषता यह है कि ये काफी मजबूत होते हैं। गन्दा होने पर इन्हें घर में ही आसानी से साफ भी किया जा सकता है।
जूट के बने बैग्स भी आजकल काफी फैशन में हैं। जैसे चटाई बुनी जाती है, उसी तरह इन बैगों की भी बुनाई की जाती है। इन बैग्स पर कलरफुल लेस तथा सितारों से भी काम किया जाता है। ये नेचुरल फाइबर के बने होते हैं। किसी किसी जगह पर शीशे भी डिजाइन की तरह पिरो दिए जाते हैं। इन बैग्स पर कलरफुल धागों से की गई कढ़ाई मन को मोह लेती है। इनके अनेक डिजाइन तथा रंग बाजार में उपलब्ध हैं।
कुछ हैंडबैग्स केन के बने होते हैं। इनकी बुनाई भी चटाई की तरह ही होती है। केन से बने होने के कारण ये बैग अकड़े हुए रहते हैं किन्तु देखने में काफी सुन्दर लगते हैं। इनमें सामान की सेफ्टी के लिए जिप भी लगी होती है।
कुछ बैगों पर घुंघरू भी लगे होते हैं जो देखने में काफी सुन्दर लगते हैं।
इनके अतिरिक्त मार्केट में सिल्क, साटन, कॉटन तथा कपड़े के बने हैंडबैग्स भी मौजूद हैं। इन बैग्स पर रंग-बिरंगे रेशमी धागों से कढ़ाई भी की गई होती है। उन पर सिक्वेंस, जरदोजी तथा स्टोन वर्क से की गई सजावट इन्हें आकर्षक बना डालती है। कुछ बैगों पर घुंघरू भी लगे होते हैं जो देखने में काफी सुन्दर लगते हैं। अनेक रंगों के कपड़ों के छोटे-छोटे टुकड़ों को भी मिलाकर आकर्षक बैग्स बनाए जाते हैं। ऐसे बैगों को कन्धे पर टांगकर चलने का एक अलग ही आनन्द होता है। आरती रानी(उर्वशी)