बच्चे 
साहित्य

कानून और नीतियों से आगे बढ़कर परिवार और समाज को क्यों संभालना होगा बचपन ?

विश्व बाल दिवस : (20 नवंबर) विशेष

Om Prakash Mishra
विश्व बाल दिवस बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और उनके समग्र विकास के प्रति देशों की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करने के उद्देश्य के साथ मनाया जाता है।

भारत में 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल दिवस मनाया जाता है लेकिन बहुत कम लोगों को पता होगा कि 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस भी मनाया जाता है। विश्व बाल दिवस दुनिया को याद दिलाता है कि बच्चे किसी भी समाज की सबसे मूल्यवान पूंजी हैं। विश्व बाल दिवस बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और उनके समग्र विकास के प्रति देशों की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करने के उद्देश्य के साथ मनाया जाता है। आधुनिक विश्व में प्रगति के बावजूद, आज भी लाखों बच्चे कुपोषण, हिंसा, शोषण, शिक्षा की कमी और असमानता से संघर्ष कर रहे हैं। विश्व दिवस विश्व बाल दिवस मनाने का एक उद्देश्य बच्चों की समस्याओं को प्रकाश में लाना तथा उनका उचित हल निकालते हुए उन्हें एक उज्ज्वल तथा उम्मीदों भरा जीवन प्रदान करना भी है। विश्व बाल दिवस मनाने प्रमुख उद्देश्यों में बच्चों के अधिकारों को केंद्र में लाना,सरकारों की नीतियों की समीक्षा व सुधार को प्रेरित करना, समाज को बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना,और वैश्विक स्तर पर सुरक्षित बचपन की संकल्पना को बढ़ावा देना है। यह दिन बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के सिद्धांतों को मजबूत करने का माध्यम भी है।

करोड़ों बच्चे विश्व भर में आर्थिक मजबूरी के कारण खतरनाक कार्यस्थलों, घरेलू काम, फैक्ट्रियों और कृषि क्षेत्रों में काम करने को मजबूर हैं। बाल तस्करी और यौन शोषण भी अनेक देशों में गंभीर समस्या बनी हुई है।

बच्चों के सामने प्रमुख चुनौतियां और समस्याएं

आज विश्वभर में बच्चों की सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य और कुपोषण की है। आज भी करोड़ों बच्चे कुपोषण के कारण वृद्धि अवरोध, कमजोरी और एनीमिया से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, स्वच्छ जल व साफ-सफाई की अनुपलब्धता और गरीबी इनके मूल कारण हैं। गुणवत्ता पूरक शिक्षा न मिलना बच्चों की दूसरी प्रमुख समस्या है आज भी दुर्भाग्य का विषय है कि अविकसित और विकासशील देशों के लगभग 25 करोड़ बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। शिक्षा न होना या खराब शिक्षा होने की वजह से बच्चों के सामने बाल श्रम, युद्धग्रस्त क्षेत्रों में असुरक्षा, लैंगिक भेदभाव भी लगातार बढ़ रहा है। करोड़ों बच्चे विश्व भर में आर्थिक मजबूरी के कारण खतरनाक कार्यस्थलों, घरेलू काम, फैक्ट्रियों और कृषि क्षेत्रों में काम करने को मजबूर हैं। बाल तस्करी और यौन शोषण भी अनेक देशों में गंभीर समस्या बनी हुई है। शांति काल तो बच्चों के लिए फिर भी ठीक है लेकिन युद्ध की परिस्थितियों में उन्हें सबसे ज्यादा पीड़ित होना पड़ता है । युद्ध, आतंकी गतिविधियों और राजनीतिक अस्थिरता के कारण लाखों बच्चे शरणार्थी बनने को मजबूर हैं इस कारण से उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। खासतौर पर विकासशील एवं एक अविकसित देशों में लैंगिक भेदभाव और बाल विवाह भी कई क्षेत्रों में बच्चों का जीवन और भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित करता दिखाई देता है।

बच्चों के अधिकार और मौलिक कर्तव्य

संयुक्त राष्ट्र संघ एवं बाल मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि बच्चों में अधिकारों के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र समझौते में बच्चों के चार प्रमुख अधिकार समूह शामिल हैं। जीवित रहने का अधिकार पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पानी और स्वास्थ्य सेवाएँ तथा सुरक्षित वातावरण हर बच्चे का जन्मसिद्ध अधिकार है। विकास का अधिकार भी बच्चों को प्रदत्त है जिसमें शिक्षा,खेल, सांस्कृतिक सहभागिता,मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास के अवसर बच्चों को अवश्य मिलने चाहिए। साथ ही साथ हर बच्चे को- संरक्षण का अधिकार अधिकार है जो उन्हें शोषण,हिंसा,तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह से सुरक्षा प्रदान करता है लेकिन व्यवहार में ऐसा कम ही हो पता है और बच्चे विभिन्न शोषणों के शिकार हो जाते हैं विश्व बाल दिवस का मुख्य उद्देश्य इन बच्चों को जागरूक करते हुए सुरक्षा प्रदान करना है।

विश्व बाल दिवस बच्चों को अपनी बात कहने, निर्णयों में भागीदारी करने, विशेषकर उन मुद्दों पर जो उनके जीवन को प्रभावित करते हैं विचार व्यक्त करने का अधिकार भी देता है। अधिकारों के साथ बच्चों के कुछ मौलिक कर्तव्य भी हैं, जो उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। हर बच्चे का कर्तव्य है कि वह माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करे और उनके मार्गदर्शन का पालन करे। स्कूल, घर और समाज में अनुशासन का पालन करे तथा दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना भी बच्चों का महत्वपूर्ण कर्तव्य है। पेड़-पौधों की देखभाल, जल-संरक्षण और प्रदूषण से बचाव जैसे कार्यों में जागरूक सहयोग देना बच्चों के विकास के साथ उन्हें पर्यावरण-संवेदी भी बनाता है। सत्य, अहिंसा और सहअस्तित्व के मूल्य ईमानदारी, सहयोग, भाईचारे और अहिंसा जैसे मूल्य बच्चों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।

विश्व बाल दिवस बच्चों को अपनी बात कहने, निर्णयों में भागीदारी करने, विशेषकर उन मुद्दों पर जो उनके जीवन को प्रभावित करते हैं विचार व्यक्त करने का अधिकार भी देता है। अधिकारों के साथ बच्चों के कुछ मौलिक कर्तव्य भी हैं, जो उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

विकसित और विकासशील देशों में परिस्थितियाँ

बच्चों की परिस्थितियाँ भी बच्चों के विकास पर असर डालती है विकसित और विकासशील देशों का तुलनात्मक दृष्टिकोण से देखें तो विकसित देशों में बच्चों में मानसिक तनाव, सामाजिक दबाव, स्क्रीन एडिक्शन, और पारिवारिक विघटन जैसी समस्याएँ प्रमुख हैं जबकि विकासशील देशों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, कुपोषण,बाल श्रम, अशिक्षा, और लैंगिक असमानता अभी भी प्रमुख चुनौतियाँ हैं।

समाधान, परिवार की भूमिका और निष्कर्ष

बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के हितों की रक्षा करना सभी देशों का कर्तव्य है इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सार्वभौमिक हो, मुफ़्त एवं समान शिक्षा का उचित प्रबंध हो, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता निश्चित की जाए, स्कूल छोड़ने वाले बच्चों का पुनर्वास हो और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जाए, टीकाकरण,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य,पोषण कार्यक्रम हर देश की प्राथमिक नीति का हिस्सा बने तो विश्व बाल दिवस मनाना सार्थक हो जाए इनके साथ-साथ ही बाल श्रम और शोषण पर सख्त नियंत्रण भी जरूरी है इसके लिए कड़े कानून और प्रभावी निगरानी का होना आवश्यक है।

ध्यान देने योग्य बात यह भी है कि गरीब परिवारों की आर्थिक सहायता के बिना बाल श्रम समाप्त नहीं होगा। भले ही कानून एवं सरकारी कितना ही प्रयास कर लें लेकिन परिवार और समाज की भूमिका बाल विकास में सबसे महत्वपूर्ण होती है। परिवार वह पहली संस्था है जहां बच्चे सीखते और बढ़ते हैं। बच्चों को प्यार, सुरक्षा, सकारात्मक वातावरण मिलता है जो उनके विकास के लिए बेहद आवश्यक है।

अस्तु, विश्व बाल दिवस ऐसा अवसर है जो इंगित करता है कि बच्चों के अधिकार केवल घोषणाओं तक सीमित न रहें वे यथार्थ की जमीन पर क्रियान्वित हों। (युवराज)

डॉ. घनश्याम बादल 

SCROLL FOR NEXT