एक गांव में अरुण नाम का नेत्रहीन बालक रहता था। वह सबका दुलारा था पर उसके पिता उसे प्यार नहीं करते थे। उन्हें लगता, अंधा बेटा किस काम आएगा। अरुण को यह बुरा लगता। उसके दु:ख को उसका कुत्ता मोती ही समझता था। वह हरदम उसके साथ रहता। एक दिन अरुण को उसके पिता ने डांटा। वह रोता हुआ घर छोड़ कर चला गया। साथ में मोती भी था। किसी तरह लोगों से खाना मांग कर वह अपना गुजारा चलाने लगा। इसी तरह वह बहुत दूर निकल गया।
कई साल बीत गए। एक दिन वह घूमते-घूमते एक मंदिर में पहुंचा। वहीं सो गया। रात को सपने में एक परी बोली, ‘तुम चाहो तो देख सकते हो। पर इसके लिए तुम्हें अच्छे काम करने होंगे।‘ अरुण को सपने पर विश्वास नहीं हुआ। सुबह होते ही वह भीख मांगने निकल पड़ा। उसे काफी पैसे मिले। रास्ते में उसे दूसरे भिखारी के कराहने की आवाज सुनाई दी, ‘कोई इस बूढ़े पर रहम करो। मैं न देख सकता हूं, न चल सकता हूं। कोई तो खाने को दो।‘
अरुण ने अपनी भीख उसे दी। कहा, ‘आपको इसकी ज्यादा जरूरत है।‘ इतना कहते ही चमत्कार हुआ। उसे कुछ-कुछ दिखाई देने लगा। वह खुशी से चिल्ला उठा। अब अरुण लोगों की सहायता करने लगा। उसकी आंखें भी ठीक होने लगीं। एक दिन वह घूमते-घूमते नदी किनारे जा पहुंचा। तभी उसे आवाज सुनाई दी, ‘बचाओ, बचाओ ।‘ उसके कहने पर मोती नदी में कूद पड़ा। किसी तरह डूबने वाले को खींच कर किनारे पर ले आया। अपनी धुंधलाती आंखों से अरुण ने उस आदमी को देखा। वह एक बूढ़ा था।
‘आप ठीक तो हैं। मेरा कुत्ता मोती कहां है ?‘ अरुण ने अधीरता से पूछा।
‘तुम्हारे कुत्ते ने मुझे तो बचा लिया पर मैं उसे नहीं बचा पाया।‘ बूढ़े ने कहा।
‘हाय मेरा मोती। अब मुझ अंधे का कौन सहारा होगा ?‘ कहते हुए अरुण रोने लगा।
उसकी बात सुन, बूढ़ा चौंक उठा। उसने पूछा, ‘क्या तुम्हारा नाम अरुण है ?‘
‘हां, क्यों ?‘ अरुण ने आश्चर्य से पूछा।
‘बेटे, मैं ही तुम्हारा बदनसीब बाप हूं। मेरी डांट सुन, तुम मुझे छोड़ कर चले गए थे। मैंने तुम्हें कहां-कहां नहीं ढूंढ़ा।‘ कहते हुए बूढ़े ने अरुण को गले लगाना चाहा तो वह नदी की तरफ भागा और कूद पड़ा। बोला, ‘मैं अपने मोती के बिना नहीं रह सकता।‘ उसी समय न जाने कहां से मोती आ गया। दोनों डूबने लगे। लोगों ने देखा तो कुछ लोग नदी में कूद पड़े। दोनों को बचा लिया। अरुण के पिता ने उसे गले लगा लिया। पिता का प्यार पा कर अरुण खुशी से फूला न समाया। (उर्वशी)नरेंद्र देवांगन