टीनएज में बढ़ती समस्याएं माता-पिता को भी परेशानी में डाल देती हैं और टीन एज बच्चों को भी। बहुत बार टीन एजर अपनी परेशानियां अपने माता-पिता तक ठीक से पहुँच नहीं पाते और बहुत बार माता पिता इस एज ग्रुप के बच्चों की परेशानियों को समझ नहीं पाते या कुछ उनसे समझौता नहीं कर पाते और आपसी दूरियां बढ़ती चली जाती हैं। फिर बच्चे अपनी उम्र के दोस्तों से अपनी परेशानी बताकर समाधान ढूंढने का प्रयास करते हैं पर वे यह भूल जाते हैं कि वे बच्चे भी उनकी उम्र के हैं। क्या वे उनकी मदद सही कर पाएंगे? अक्सर गलत जानकारी मिलने से वे भी सही नतीजे तक नहीं पहुंच पाते। हम यहां कुछ कारगर टिप्स बता रहे हैं जो बच्चों और माता-पिता दोनों के लिए उचित साबित हो सकते हैं।
संतुलित और अच्छी जिंदगी के लिए शरीर का फिट होना बहुत जरूरी है। शरीर की फिटनेस के लिए कोई आउटडोर गेम खेलें जैसे बैडमिंटन, बास्केट बाल, फुटबाल, दौड़ना, तैराकी आदि। खेल में बच्चे जीतना-हारना एक दूसरे की मदद करना, खेल के प्रति प्यार आदि सीखते हैं जिससे उनके शरीर में कैमिकल बैलेंस बना रहता है। इससे मानसिक संतुलन भी बढ़ता है।
बहुत सारे बच्चों के पास आउटडोर गेम खेलने का समय नहीं होता या खेल के मैदान पास नहीं होते। ऐसे में बच्चे क्या करें। उन्हें घर पर रस्सी कूदनी चाहिए ताकि शरीर एक्टिव बना रहे और उनकी एनर्जी को ठीक आउटलेट भी मिलता रहेगा।
किसी भी चीज पर फोकस तय करें। फोकस सकारात्मक होगा तो ध्यान बेकार की चीजों पर नहीं भटकेगा। सही फोकस बच्चे को सही राह पर ले जाने में मदद करेगा।
इस उम्र में दोस्तों का होना भी जरूरी है पर उनके साथ इंवॉल्वमेंट एक सीमा तक ही रखें। दोस्तों को अपने घर बुलाएं और उनके साथ ड्राइंग रूम में बैठें, अपने बेडरूम में नहीं। आप भी कभी-कभी उनके घर जा सकते हैं। दोस्तों से एक सीमा तक मिलना ही अच्छा रहता है।
जैसे बच्चों को आवश्यकता होती है माता-पिता के साथ समय बिताने की, उसी प्रकार माता-पिता भी चाहते हैं कि बच्चे उनके साथ समय बिताएं और हेल्दी डिस्कशन करें। टीवी के इंटरटेनमेंट के प्रोग्राम कम से कम आधा घंटा साथ बैठ कर देखें। अक्सर माना जाता है पैरंट्स के पास बच्चों के लिए टाइम नहीं होता लेकिन सच यह भी है कि बच्चे, विशेषकर टीनएजर्स के पास भी माता-पिता के लिए समय नहीं होता।
माता-पिता के साथ रात्रि का भोजन खाएं, हंसें और हो सके तो सांप-सीढ़ी या लूडो समय मिलने पर उनके साथ खेलें। इससे दोनों में कम्युनिकेशन गैप नहीं रहेगा। बुजुर्गों के साथ भी जुड़े रहें। घर पर दादा-दादी के साथ बात करें, उन्हें सप्ताह में एक दो बार पार्क तक घुमाने ले जाएं। उनकी पसंद की कोई वस्तु ला कर उनके साथ बैठकर खाएं। जरूरत पड़ने पर पांव दबाएं। नहलाने में मदद करें। दवा आदि का भी ध्यान रखें।
बच्चों को स्पेस दें, और हां, उनके स्पेस में खुद के लिए भी जगह बनाएं। अपने बच्चों के साथ संबंध ऐसे होने चाहिए जिससे वे बिना संकोच आपसे बात कर सकें। माता-पिता को बच्चे की उम्र के साथ खुद को बदलना चाहिए। अगर आप स्वयं को बदल पाते हैं तो बच्चे का साथ हमेशा आपको मिलेगा और वे कभी भटकेंगे नहीं।
बच्चों को स्पेस के साथ उनकी लिमिट भी समझाएं ताकि स्पेस के चक्कर में कहीं अधिक हाथ से न निकल जाएं। समस्या छोटी हो या बड़ी, हल तो निकालना ही है। डांट डपट और मार कर कोई हल नहीं निकलता। उनसे बात कर हल निकालें। बच्चों को विश्वास होना चाहिए कि आप का साथ हर समस्या में उनके साथ है और आप उन्हें उपलब्ध हैं।
टीनएजर्स के लिए सेक्स एजुकेशन बेहद अहम है। सेक्स एजुकेशन के मुख्य दो साधन हैं, एक माता-पिता और दूसरा स्कूल। पैरेंट्स अपनी इस भूमिका में पीछे न रहें। बच्चों को सेक्स संबंधी प्रश्नों के उत्तर इस तरह से दें कि वे समझ जाएं, उन्हें टालें नहीं। टालना कोई हल नहीं है। सेक्स से जुड़ी अच्छी-बुरी बातें सभी उन्हें बताएं। अगर हम सेक्स संबंधी किसी प्रश्न को टालेंगे तो वे इधर-उधर से जानकारी लेंगे जो गलत भी हो सकती है।
टीनएज बच्चों की एक बड़ी समस्या है आकर्षण जिसे हैंडल करना थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि यह उम्र ऐसी है जिसमें सपनों ओर इच्छाओं की कोई सीमा नहीं रहती। नेट से या दोस्तों से ली जानकारी बच्चों को अधिक भटकाती है। यह भटकन उन्हें संकट में भी डाल सकती है। अच्छे कम्युनिकेशन से आप उन्हें भटकने से बचा सकते हैं।
टीनएज एक ऐसी उम्र है जब बच्चे न तो छोटे होते हैं, न बड़े। वे भी अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, दोस्तों के बीच, माता-पिता और कतन्स के बीच। ऐसे में उनकी जिंदगी में कई तरह की उथल-पुथल और ऊहापोह होती है। ऐसे में उन्हें आपका साथ, प्यार भरा व्यवहार उन्हें मार्गदर्शन देकर ठीक रास्ता बता सकता है। मीडिया के सुपर एक्सपोजर के बारे में उन्हें सही जानकारी दें कि वह किस हद तक सही है। (उर्वशी)नीतू गुप्ता