इन गीतों की जड़ें लोकजीवन की उन परिस्थितियों में गहरी धँसी हुई हैं, जहाँ परिवार, पड़ोस, श्रम, प्रकृति और सामुदायिक सहयोग मिलकर जीवन की संरचना तैयार करते हैं।
छठ के लोकगीतों को केवल धार्मिक अनुष्ठान के गीत मानकर देखना उनके व्यापक सामाजिक अर्थों को सीमित कर देना होगा। इन गीतों की जड़ें लोकजीवन की उन परिस्थितियों में गहरी धँसी हुई हैं, जहाँ परिवार, पड़ोस, श्रम, प्रकृति और सामुदायिक सहयोग मिलकर जीवन की संरचना तैयार करते हैं। छठ के अवसर पर गाए जाने वाले गीत गाँव के सामाजिक जीवन का ऐसा मौखिक दस्तावेज हैं जिनमें पीढ़ियों के अनुभव, स्त्रियों की भावनाएँ, परिवार की आकांक्षाएँ और समाज की सामूहिक चेतना सुरक्षित रहती हैं। इनमें लोकसमाज का वह चेहरा दिखाई देता है, जिसे इतिहास की पुस्तकों और औपचारिक दस्तावेजों में प्रायः पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता।
ग्रामीण समाज में छठ की तैयारी किसी एक व्यक्ति या परिवार का काम नहीं होती
ग्रामीण समाज में छठ की तैयारी किसी एक व्यक्ति या परिवार का काम नहीं होती। पर्व आने से कई दिन पहले ही गाँव के घरों और गलियों में चहल-पहल शुरू हो जाती है। कहीं आँगन की सफाई होती है, कहीं मिट्टी का चूल्हा तैयार किया जाता है, तो कहीं गेहूँ धोकर सुखाया जाता है, ताकि प्रसाद बनाने के लिए आटा तैयार हो सके। महिलाएँ ठेकुआ बनाने की तैयारी करती हैं। पुरुष बाँस के सूप-दउरे, फल और पूजा की सामग्री जुटाने में सहयोग करते हैं। बच्चे इन गतिविधियों को उत्सुकता से देखते हैं और अपने बड़ों के साथ घाट जाने की प्रतीक्षा करते हैं। इस पूरे वातावरण में लोकगीतों की स्वर-लहरियाँ एक अलग ही उत्साह भर देती हैं।
यह केवल गीत गाने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद का ऐसा मंच है, जहाँ लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं। लोकगीत सामूहिक श्रम को भावनात्मक एकता में बदल देते हैं।
गाँव के किसी आँगन में बैठी बुजुर्ग महिला जब गीत की पहली पंक्ति उठाती है, तो दूसरी महिलाएँ सहज ही उसके साथ सुर मिलाने लगती हैं। किसी को गीत के कुछ बोल याद नहीं आते, तो कोई उन्हें दोहरा देती है। गीतों के बीच हँसी-मजाक चलता है, पुरानी यादें ताजा होती हैं और परिवारों के सुख-दुख पर बातचीत भी होती है। यह केवल गीत गाने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद का ऐसा मंच है, जहाँ लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं। लोकगीत सामूहिक श्रम को भावनात्मक एकता में बदल देते हैं। अलग-अलग घरों में रहने वाले लोग कुछ समय के लिए एक साझा सांस्कृतिक अनुभव के सहभागी बन जाते हैं। इस अर्थ में छठ के गीत सामाजिक संबंधों को मजबूत करने और समुदाय के भीतर अपनत्व की भावना विकसित करने का माध्यम हैं।
इस गायन में किसी बड़े मंच, महँगे वाद्ययंत्र या औपचारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं होती। जीवन के अनुभव और परंपरा से परिचित होना ही इसकी सबसे बड़ी पूँजी है।
छठ के लोकगीतों की एक बड़ी विशेषता उनकी सामूहिकता है। इनमें किसी एक व्यक्ति की आवाज से अधिक महत्व सामूहिक स्वर का होता है। गीत की एक पंक्ति कोई महिला उठाती है और दूसरी महिलाएँ उसे आगे बढ़ाती हैं। इस गायन में किसी बड़े मंच, महँगे वाद्ययंत्र या औपचारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं होती। जीवन के अनुभव और परंपरा से परिचित होना ही इसकी सबसे बड़ी पूँजी है। लोकगीतों की यही सहजता उन्हें जनसामान्य के जीवन से जोड़ती है। वे समाज के उन लोगों की भावनाओं को भी अभिव्यक्ति देते हैं, जिनकी आवाज अक्सर सार्वजनिक विमर्श में सुनाई नहीं देती।
बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के अनेक इलाकों में छठ के गीत स्थानीय भाषाओं और बोलियों की मिठास से समृद्ध हैं। कहीं भोजपुरी की सहजता है, कहीं मगही का अपनापन, कहीं मैथिली की कोमलता और कहीं अंगिका की अपनी लय। इन गीतों में स्थानीय जीवन, पारिवारिक संबंधों और प्रकृति से जुड़े अनुभव सुरक्षित रहते हैं। इनके माध्यम से स्थानीय शब्दावली, संबोधन और लोकमान्यताएँ एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचती हैं। लोकगीतों का यह संसार हमारी भाषाई विविधता को भी जीवित रखता है।
छठ के लोकप्रिय गीतों में ‘काँच ही बाँस के बहँगिया’ का विशेष स्थान है। इसकी प्रचलित पंक्तियाँ हैं-
काँच ही बाँस के बहँगिया, बहँगी लचकत जाए।
इन पंक्तियों को सुनते ही सूप-दउरा लेकर घाट की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं का दृश्य आँखों के सामने उभर आता है। बाँस की बहँगी ग्रामीण जीवन की एक सामान्य वस्तु है, लेकिन छठ के अवसर पर वह आस्था और परंपरा का प्रतीक बन जाती है। इस गीत में पूजा की सामग्री ले जाने का दृश्य ही नहीं, बल्कि उस श्रम-संसार की झलक भी है, जो पर्व को संभव बनाता है।
बाँस उगाने वाले किसान, सूप-दउरा बनाने वाले कारीगर, बाजार में फल बेचने वाले दुकानदार, खेतों में अनाज पैदा करने वाले किसान और प्रसाद तैयार करने वाले परिवार-सभी किसी न किसी रूप में इस पर्व से जुड़े रहते हैं। छठ के अवसर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के ये विभिन्न पक्ष एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई देते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि लोकपर्व केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार, कारीगरी और श्रम-संस्कृति को भी जीवित रखते हैं। लोकगीत इन सभी गतिविधियों को अपनी सांस्कृतिक स्मृति में समेट लेते हैं।
अनेक पारंपरिक परिवेशों में उन्हें अपनी निजी पीड़ा और इच्छाओं को खुलकर व्यक्त करने के अवसर सीमित मिलते रहे हैं। ऐसे में लोकगीत उनके मन की बात कहने का सांस्कृतिक माध्यम बनते हैं।
छठ के गीतों का सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक पक्ष स्त्री-अनुभव से जुड़ा है। ग्रामीण स्त्रियों के जीवन में घरेलू श्रम, पारिवारिक जिम्मेदारियाँ, आर्थिक कठिनाइयाँ और सामाजिक अपेक्षाएँ अक्सर एक साथ उपस्थित रहती हैं। अनेक पारंपरिक परिवेशों में उन्हें अपनी निजी पीड़ा और इच्छाओं को खुलकर व्यक्त करने के अवसर सीमित मिलते रहे हैं। ऐसे में लोकगीत उनके मन की बात कहने का सांस्कृतिक माध्यम बनते हैं। गीतों में वे संतान के कल्याण की कामना करती हैं, परिवार के प्रति अपने भाव व्यक्त करती हैं, मायके की स्मृतियों को सँजोती हैं और कभी-कभी विरह तथा उपेक्षा की पीड़ा भी स्वर देती हैं। उनके गीतों में भक्ति के साथ जीवन का यथार्थ भी उपस्थित रहता है। इसीलिए छठ के गीतों में स्त्री केवल पूजा करने वाली व्रती नहीं, बल्कि अपनी संवेदना, स्मृति और सांस्कृतिक ज्ञान की वाहक के रूप में सामने आती है।
छठव्रती महिलाओं की साधना में शारीरिक श्रम, मानसिक दृढ़ता और गहरी आस्था का समावेश होता है। पर्व की तैयारियों से लेकर कठिन व्रत और घाट पर अर्घ्य देने तक उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है। इसके बावजूद सामान्य सामाजिक जीवन में महिलाओं के घरेलू श्रम को कई बार स्वाभाविक जिम्मेदारी मानकर उसका महत्व कम आँका जाता है। छठ के गीत इस श्रम और संवेदना को सार्वजनिक सांस्कृतिक पहचान प्रदान करते हैं। जब महिलाएँ एक साथ बैठकर गाती हैं, तो वे केवल धार्मिक परंपरा का निर्वाह नहीं करतीं, बल्कि अपने अनुभवों और स्मृतियों को साझा भी करती हैं। गीत उनके लिए भावनात्मक सहारे का माध्यम बनते हैं और सामूहिकता की शक्ति का एहसास कराते हैं।
दादी-नानी से माँ और माँ से बेटी तक गीतों का हस्तांतरण किसी लिखित पाठ्यक्रम से नहीं, बल्कि सुनने, दोहराने और साथ गाने की प्रक्रिया से होता आया है।
इन गीतों के संरक्षण में स्त्रियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। दादी-नानी से माँ और माँ से बेटी तक गीतों का हस्तांतरण किसी लिखित पाठ्यक्रम से नहीं, बल्कि सुनने, दोहराने और साथ गाने की प्रक्रिया से होता आया है। इस मौखिक परंपरा में शब्दों के साथ गीत का अवसर, उसका भाव और उससे जुड़ी लोककथा भी अगली पीढ़ी तक पहुँचती है। इस प्रकार महिलाएँ केवल लोकगीत गाती ही नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति की अनौपचारिक शिक्षिकाएँ और संरक्षक भी होती हैं। उनके योगदान को पहचानना लोकसाहित्य के सामाजिक मूल्यांकन का अनिवार्य हिस्सा है।
रोजगार की तलाश में गाँव से शहरों और दूसरे राज्यों की ओर होने वाला पलायन परिवारों के भावनात्मक संसार को प्रभावित करता है। घर से दूर रहने वाले लोगों की अनुपस्थिति पर्व-त्योहारों के समय अधिक महसूस होती है।
ये गीत पारिवारिक संबंधों की जटिलता और आत्मीयता को भी उजागर करते हैं। इनमें माँ की संतान के प्रति चिंता, भाई-बहन का स्नेह, पति-पत्नी का संबंध, मायके की याद और परदेस गए प्रियजन की प्रतीक्षा जैसे अनेक प्रसंग मिलते हैं। रोजगार की तलाश में गाँव से शहरों और दूसरे राज्यों की ओर होने वाला पलायन परिवारों के भावनात्मक संसार को प्रभावित करता है। घर से दूर रहने वाले लोगों की अनुपस्थिति पर्व-त्योहारों के समय अधिक महसूस होती है। छठ जैसे अवसर पर घर लौटने की इच्छा, अपने लोगों के बीच समय बिताने की आकांक्षा और पुराने दिनों को याद करने की भावना विशेष महत्व रखती है। लोकगीत निजी अनुभव को सामूहिक संवेदना में बदल देते हैं। किसी एक परिवार की प्रतीक्षा दूसरे परिवार के अनुभव से जुड़ जाती है और व्यक्ति को एहसास होता है कि उसके सुख-दुख व्यापक मानवीय अनुभव का हिस्सा हैं।
छठ के गीतों में प्रकृति और जीव-जगत के प्रति संवेदना भी दिखाई देती है। एक लोकप्रिय लोकगीत की पंक्तियाँ हैं—
केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय।
इस गीत में केले के फल और उस पर मंडराते सुग्गे का दृश्य लोकजीवन की सहज कल्पना से पैदा होता है। इससे जुड़े प्रचलित गीत में सुग्गे के मारे जाने का मार्मिक प्रसंग आता है—
मरबउ रे सुगवा धनुष से, सुगा गिरी मरी जाय।
इन पंक्तियों के बोल अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ भिन्न रूपों में गाए जा सकते हैं। इनके भीतर पक्षी और मनुष्य के संबंध का भावनात्मक पक्ष मौजूद है। सुग्गे का प्रसंग केवल एक पक्षी की कथा नहीं रह जाता, बल्कि जीव-जगत के प्रति संवेदना का प्रतीक बन जाता है। ग्रामीण समाज में पक्षी, पशु, पेड़-पौधे और खेत-खलिहान जीवन के सहभागी रहे हैं। लोकगीतों में उनकी उपस्थिति इसी संबंध को व्यक्त करती है।
छठ की परंपरा इन प्राकृतिक तत्वों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करती है। लोकगीत इस संबंध को भावनात्मक भाषा देते हैं।
छठ के पर्व में सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता के साथ फल, वनस्पति और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों की उपस्थिति भी महत्वपूर्ण है। नदी, तालाब और पोखर केवल पूजा के स्थल नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की पारिस्थितिकी के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। जल के बिना खेती, पशुपालन और दैनिक जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। सूर्य की रोशनी फसलों के विकास और जीवन की निरंतरता के लिए आवश्यक है। छठ की परंपरा इन प्राकृतिक तत्वों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करती है। लोकगीत इस संबंध को भावनात्मक भाषा देते हैं। वे याद दिलाते हैं कि मनुष्य प्रकृति से अलग कोई स्वतंत्र सत्ता नहीं, बल्कि उसी जीवन-चक्र का हिस्सा है।
अंततः छठ के लोकगीतों की वास्तविक शक्ति उनके सामाजिक जीवन में निहित है। वे व्यक्ति को परिवार से, परिवार को पड़ोस से, वर्तमान पीढ़ी को पिछली पीढ़ियों से और मनुष्य को प्रकृति से जोड़ते हैं। वे श्रम को उत्सव में, निजी भावना को सामूहिक संवेदना में और सांस्कृतिक स्मृति को जीवंत परंपरा में बदलने की क्षमता रखते हैं। इनमें ग्रामीण जीवन की आत्मीयता भी है और सामाजिक यथार्थ को समझने की संभावना भी। इन गीतों में सुरक्षित स्त्री-अनुभव, पारिवारिक स्मृतियाँ, स्थानीय भाषाएँ और प्रकृति के प्रति संवेदना हमारी सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। (युवराज) शम्भू शरण सत्यार्थी