Kolkata Dengue Update : बंगाल में बढ़ रहे डेंगू के मामले | Sanmarg

Kolkata Dengue Update : बंगाल में बढ़ रहे डेंगू के मामले

राज्य में 250 के पार पहुंचा डेंगू मरीजों का आंकड़ा
कोलकाता : मानसून की शुरुआत होते ही राज्य में एक बार फिर डेंगू के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी को डेंगू संक्रमित मरीजों की साप्ताहिक रिपोर्ट भेजे जाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों को भी डेंगू टेस्ट पर जोर देने का निर्देश दिया गया है। पिछले साल की तरह इस बार भी मच्छर जनित बीमारी से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या में लाखों में न पहुंचे इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। पिछले साल राज्य में 1 लाख 7 हजार लोग डेंगू से संक्रमित हुए थे। वहीं इस साल राज्य में अब तक डेंगू के 2,095 मामले चिन्हित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग सूत्रों के मुताबिक, राज्य में पिछले 10 दिनों में 250 लोग डेंगू से संक्रमित हुए हैं। कोलकाता, उत्तर 24 परगना, मालदह, मुर्शिदाबाद और हुगली जिले में डेंगू से संक्रमित लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। सबसे ज्यादा मामले उत्तर 24 परगना और मालदह जिले में चिन्हित किए गए हैं। दोनों जिलों में डेंगू से 176 लोग प्रभावित हैं। मुर्शिदाबाद में 153 लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए हैं। जबकी हुगली में 145 और कोलकाता में डेंगू के 112 मामले चिन्हित किए गए हैं। पिछले साल डेंगू संक्रमण से राज्य में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। जिनमें 21 लोगों की मृत्यु कोलकाता में हुई थी।

देश में डेंगू के 19 हजार से अधिक मामले

ऐसा नहीं है कि डेंगू के मामले केवल बंगाल में ही तेजी से बढ़ रहे हैं। नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल विभाग के अनुसार गत 30 अप्रैल तक देश भर में डेंगू के 19 हजार मामले चिन्हित किए गए हैं। विभाग के अनुसार डेंगू के सबसे अधिक मामले केरल राज्य में पाए गए हैं। राज्य में करीब 4412 सामने आए हैं। राज्य में डेंगू से 14 लोगों की मौत भी हुई है। दूसरे स्थान पर तामीलनाडू राज्य है जहां डेंगू के 4204 मामले पाए गए हैं। सूची में तीसरे स्थान पर कर्नाटक है जहां डेंगू के 2503 मामले सामने आए हैं। इस सूची में पश्चिम बंगाल 30वें स्थान पर हैं। हालांकि, राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से साझा किया गया आंकड़ा इस साल 21 फरवरी का है। राज्य ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को डेंगू की हालिया आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

Visited 158 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर