Cyclone Remal : चक्रवात में ना हो मुंबई की घटना की पुनरावृत्ति | Sanmarg

Cyclone Remal : चक्रवात में ना हो मुंबई की घटना की पुनरावृत्ति

कोलकाता : बीते दिनों मुंबई में भीषण आंधी के कारण एक विशालकाय होर्डिंग के गिरने से 14 लोगों की मौत हो गयी थी जबकि कई लोग घायल हो गये थे। ऐसे में रेमल चक्रवात को लेकर कोलकाता नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती विभिन्न इलाकों में लगे विशालकाय होर्डिंग्स को किसी तरह बचाना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तो बिना होर्डिंग्स के खड़े लोहे के ढ़ांचे भी दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। कई जगहों पर खासकर बड़े मोड़ पर और कुछ-कुछ इमारतों पर कई होर्डिंग्स खतरनाक हालत में हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में रेमल चक्रवात के दौरान इन होर्डिंग्स से कहीं कोई दुर्घटना ना घट जाये इसका भय भी बना हुआ है। इस संबंध में निगम के एक अधिकारी ने बताया कि पहले ही मुंबई में हुई घटना को देखते हुए प्रत्येक होर्डिंग की जांच शुरू कर दी गयी है। इसके साथ ही निगम की ओर से होर्डिंग को लेकर सतर्कता जारी करते हुए सभी एजेंसियों से उनके द्वारा लगाये गये होर्डिंग्स की स्थिति की जानकारी भी मांगी गयी है। इसके तहत निगम द्वारा प्रत्येक होर्डिंग्स की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही जिन होर्डिंग्स की स्थिति ठीक है, उन्हें फिलहाल के लिए हटाया भी जा रहा है। मालूम हो कि गिरीश पार्क, शोभाबाजार, गरियाहाट, श्यामबाजार, बिडन स्ट्रीट, सियालदह स्टेशन के आस-पास, पार्क सर्कस सहित कई ऐसे इलाके हैं जहां भारी संख्या में होर्डिंग मौजूद हैं जो किसी भी अप्रिय घटना का कारण बन सकती हैं।

Visited 129 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर