Kolkata News : गरियाहाट समेत दूसरे बाजारों में प्लास्टिक कल्चर वापस आया | Sanmarg

Kolkata News : गरियाहाट समेत दूसरे बाजारों में प्लास्टिक कल्चर वापस आया

कोलकाता : महानगर के फुटपाथों पर लगने वाले स्टालों से प्लास्टिक शेड हटाना बड़ी चुनौती है। केएमसी के कई प्रयास के बाद भी विभिन्न मार्केट में प्लास्टिक का इस्तेमाल भरपूर हो रहा है। हाथीबागान, गरियाहाटगसमेत अन्य जगहों पर हॉकरों ने एक बार फिर से प्लास्टिक कल्चर वापस ला दिया है। फुटपाथ पर लगी दुकानों में केवल शेड के रूप में ही नहीं बल्कि सामानों को धकने के लिए भी अलग – अलग तरह की प्लास्टिकों का दुकानदार इस्तेमाल कर रहे हैं। खासकर सफेद प्लास्टिक जो पारदर्शी हाेती है उसका इस्तेमाल हो रहा है जबकि अन्य नीले या पीले रंग की अपारदर्शी शीट का भी उपयोग कर रहे हैं। रविवार की दोपहर जैसे ही बारिश शुरू हुई पहले से प्लास्टिक रखे हॉकर सामानों को ढकने लगे। कोई शेड पर लगी प्लास्टिक को उतारने लगा तो कोई सामान को धकने लगा।

हॉकर्स ने कहा : बारिश में प्लास्टिक ही सहारा है : बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में हॉकरों को प्लास्टिक इस्तेमाल के बिना काम नहीं चल पा रहा है। हॉकरों ने कहा कि हम मजबूर है। भले ही दुकानों पर टीन की शेड है मगर उससे बारिश में सामान को बचाने में संभव नहीं हो पाता है।

कैसे होता है अधिक जोखिम : दरअसल, रात के समय जब हॉकर प्लास्टिक से ढककर दुकान चले जाते हैं उस दौरान ज्यादा खतरा होता है। एक चिंगारी ही सबकुछ तबाह कर सकता है। केवल उस हॉकर की दुकान ही नहीं बल्कि उसके साथ आसपास के बाजार को भी अपनी चपेट में ले सकता है। पहले भी इस तरह की कई घटनाएं महानगर में घट चुकी है।

क्या कहना है हॉकर समिति का : हॉकर्स संग्राम समिति के अध्यक्ष शक्तिमान घोष ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले हॉकर का हमलोग साथ नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जब प्लास्टिक इस्तेमाल की मनाही है तो हॉकरों को इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

केएमसी का गाइडलाइन : दरअसल, देखा यह गया है कि जितनी तक दुकाने हैं उससे आगे बढ़कर कुछ हॉकर सामान भी रख रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्लास्टिक का सहारा लेना पड़ रहा है। जबकि केएमसी के गाइडलाइन के अनुसार दुकान के बाहर सामान रखना और प्लास्टिक का इस्तेमाल करना दोनों की ही मनाही है।

प्लास्टिक से घट चुकी बड़ी आग की घटनाएं

● 2018 के सितंबर में बागड़ी मार्केट में लगी आग विकराल हो गयी थी। भारी नुकसान हुआ था।

● 2019 के जनवरी महीने में गरियाहाट में ही प्लास्टिक के कारण भयावह आग लगी थी। उसी को ध्यान में रखते हुए गरियाहाट मार्केट सहित अन्य बाजारों में प्लास्टिक शेड निषेध है।

होगी पुलिस कार्रवाई : देवाशिष कुमार

विधायक व एमएमआईसी देवाशिष कुमार ने कहा कि हर हाल में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक है। मार्केट में कोई भी हॉकर या दुकानदार प्लास्टिक की शेड या फिर सामान धकने के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं कर सकता है। इसके बावजूद अगर कोई हॉकर प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रहा है तो पुलिस कार्रवाई होगी।

 

Visited 6,590 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
1
1

Leave a Reply

ऊपर