बढ़ती उम्र में भी दिखना है जवान तो ट्राई करें ये खास चीजें

बढ़ती उम्र में भी दिखना है जवान तो ट्राई करें ये खास चीजें
Published on

कोलकाता: कुछ लोग अपनी उम्र बताते हैं तो विश्वास ही नहीं होता। उनका स्वास्थ्य और चेहरे की चमक उम्र से बहुत कम दिखती है। जब ऐसे लोगों की जीवन शैली का अध्ययन किया गया तो उनमें कुछ समान बातें पाई गईं। शोधकर्ताओं ने लगभग 10 वर्ष तक ऐसे लोगों की जीवन शैली का अध्ययन किया।

इन लोगों में लगभग निम्न विशेषताएं थीं-

– प्राय: ऐसे लोग रोमांटिक स्वभाव के रहे हैं और बहुत सक्रिय यौन जीवन जीते हैं।

– ये लोग हर आयु वर्ग के लोगों से मित्रता करते हैं।

– ऐसे लोग या तो नि:संतान होते हैं या उनके बहुत छोटे परिवार होते हैं।

– ऐसे लोग बाहर समय बिताना अधिक पसंद करते हैं और प्राय: शारीरिक व्यायाम के शौकीन होते हैं।

– गहरी नींद सोते हैं ये लोग और सुबह तरोताज़ा उठते हैं।

– ऐसे लोग सीधे बैठते और चलते हैं।

– उन्हें प्राय: यात्रा करने का काफी शौक होता है।

– ऐसे लोगों का रक्तचाप प्राय: सामान्य या उससे कम होता है।

– ऐसे लोग टेलीविज़न देखने जैसे आसान कार्यों की अपेक्षा पढ़ने जैसे कठिन मानसिक कार्य करना पसंद करते हैं। प्राय: ऐसे लोगों के मां बाप की आयु भी लंबी ही होती है।

– युवा दिखने वाले लोगों में भी बड़ी संख्या में शाकाहारी थे और अधिकतर लोग शराब कभी-कभी ही पीते थे। केवल 5 प्रतिशत लोग ही धूम्रपान करते थे।

इन जानकारियों के आधार पर शोधकर्ताओं ने निम्न निष्कर्ष निकाले हैं :-

व्यायाम : युवा दिखने हेतु नियमित व्यायाम सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण गतिविधि है। इससे न केवल आपका शरीर चुस्त व युवा बनता है बल्कि मस्तिष्क के कार्य करने की शक्ति भी बढ़ती है। नियमित व्यायाम करने वाले लोग जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं। यदि आप शारीरिक दृष्टि से सक्रिय नहीं हैं तो आप पहले से अधिक मात्रा में और अधिक गति से सैर करना प्रारंभ करें। लगभग 20-30 मिनट की तेज सैर से आपकी शारीरिक क्षमता बढ़ती है। यदि इसके अतिरिक्त अपने घर या कार्य स्थल के आस-पास कोई शारीरिक गतिविधि चुन सकें तो बेहतर होगा।

नियमित व्यायाम को अपने जीवन का एक अंग बना लें। आप नृत्य, ऐरोबिक्स, तैरना, चलना या दौड़ना, अपनी क्षमतानुसार कुछ भी चुन सकते हैं और यह सब आप के लिए लाभदायक है। नियमित व्यायाम से न केवल कैलोरी कम होती है बल्कि शरीर की चयापचय क्रिया भी घंटों तेज बनी रहती है। इससे अतिरिक्त भूख भी दबती है और हमारे शरीर में चर्बी की मात्रा कम होकर मांसपेशियां बढ़ती हैं।

भोजन : युवा दिखने वालों में एक विशेषता यह भी थी कि वे भोजन में विभिन्नता बनाए रखने की ओर अधिक ध्यान देते थे क्योंकि डाइटिंग करने से जीवन के तनावों में वृद्धि होती है और भोजन में विविधता से कुपोषण की संभावना समाप्त हो जाती है। इनके भोजन की विशेषताओं के आधार पर निम्न निष्कर्ष निकाले गए-

– अपने भोजन में 60 प्रतिशत भाग दालें व अनाज खाइए। दिन में कम से कम पांच बार फल व सब्जियां खाइए।

– एक बार में केवल इतना ही खाइए जिससे आपकी भूख संतुष्ट हो जाए। अच्छी तरह चबा कर खाएं और ज्यों ही संतुष्टि हो, खाना बंद कर दें।

– भोजन में चीनी व नमक की मात्रा कम से कम रखें।

– विटामिन सी वाले फल व सब्जियां आदि अधिक खाएं।

– सिगरेट, काफी व शराब आदि शरीर को हानि ही पहुंचाते हैं।

मानसिक शक्ति :

मानसिक शक्ति के विकास के लिए अपने दिमाग का प्रयोग नियमित रूप से करते रहे। पुस्तकें व समाचार पत्र नियमित पढ़ें। टेलीविज़न कम देखें क्योंकि यह एक ऐसा कार्य है जिसमें दिमाग का कम प्रयोग होता है। नियमित संगीत सुनना भी मानसिक शक्ति के विकास में सहायक होता है। यह याद रखें कि आपका युवा दिखना आपकी आयु पर नहीं बल्कि आपकी गतिविधियों पर निर्भर करता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in