चौथा चरण: उत्साह बढ़ा या ठंडा रहा जोश… यहां जानिए | Sanmarg

चौथा चरण: उत्साह बढ़ा या ठंडा रहा जोश… यहां जानिए

नयी दिल्ली : आंध्र प्रदेश में हिंसा की घटनाओं और उत्तर प्रदेश के कुछ गांवों में चुनावों के बहिष्कार की खबरों के बीच लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में 96 लोकसभा सीटें हैं। बता दें क‌ि सोमवार को दोपहर 1 बजे तक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ बूथों पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की भी खबरें सामने आई हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक 40.32 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

इस राज्य में सबसे कम फिसदी वोट…

दोपहर एक बजे तक जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 23.57 फीसदी और पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 51.87 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं आंध्र प्रदेश में 40.26 फीसदी, बिहार में 34.44 फीसदी, झारखंड में 43.80 फीसदी, मध्य प्रदेश में 48.52 फीसदी, महाराष्ट्र में 30.85 फीसदी, ओडिशा में 39.30 फीसदी, तेलंगाना में 40.38 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 39.68 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। बता दें क‌ि चौथे चरण की 96 लोकसभा सीट पर कुल 1,717 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस दौर में 8.73 करोड़ महिलाओं सहित 17.70 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता 1.92 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीट, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार, पश्चिम बंगाल की आठ सीट और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान जारी है। लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में मतदान प्रतिशत क्रमश: 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत और 65.68 प्रतिशत था। देश में अगले तीन चरणों के लिए मतदान 20 मई, 25 मई और एक जून को होगा। मतगणना 4 जून को होगी।

बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 51.87% मतदान

पश्चिम बंगाल की आठ लोकसभा सीट पर सोमवार दोपहर एक बजे तक 51.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि बर्धमान पूर्वी (आरक्षित सीट) पर सबसे अधिक 55.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, दूसरे स्थान पर बोलपुर में 54.81 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि राणाघाट (आरक्षित) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 52.70 प्रतिशत, बहरामपुर में 52.27 प्रतिशत, बर्धमान-दुर्गापुर में 50.30 प्रतिशत, कृष्णानगर में 49.72 प्रतिशत, बीरभूम में 49.63 प्रतिशत और आसनसोल में 49.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
 
वोटिंग मशीन में अचानक खराबी…
बता दें क‌ि निर्वाचन आयोग ने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) में खराबी और एजेंटों को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोकने के आरोप में अब तक 1,088 शिकायतें दर्ज कराई हैं। राज्य की आठ लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। कुल 1.45 करोड़ मतदाता लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 15,507 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 73,84,356 पुरुष, 71,45,379 महिला और 282 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

 

Visited 33 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर