Chandrayaan 3 : चंदा मामा ‘पास’ के : इतिहास रचे जाने का गवाह बना महानगर | Sanmarg

Chandrayaan 3 : चंदा मामा ‘पास’ के : इतिहास रचे जाने का गवाह बना महानगर

जैसे ही लैंडिंग हुई राज्य भर में जगह-जगह जश्न भी मनाया गया

कोलकाता : पूरे विश्व की निगाहें चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर थी, उस ऐतिहासिक क्षण का गवाह कोलकाता भी बना। पूरे कोलकाता में लोग टीवी पर टकटकी लगाये हुए थे कि कब लैंडिंग की प्रक्रिया चालू होगी। घड़ी में 6.04 बजते ही सफल सॉफ्ट लैंडिंग हुई और उस समय लोगों की नजरें जैसे टीवी से हट नहीं रही थीं। बीआईटीएम (बिड़ला इण्डस्ट्रियल एण्ड टेक्नोलॉजिकल म्यूजियम) व साइंस सिटी में चंद्रयान-3 की लाइव लैंडिंग के टेलिकास्ट की व्यवस्था की गयी थी। यहां काफी संख्या में स्टूडेंट्स आये हुए थे जिन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण को अपनी आंखों में कैैद किया। जैसे ही चांद की धरती पर चंद्रयान ने कदम रखा तो उस समय तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्टूडेंट्स ने भारत माता की जय, मोदी ​जिंदाबाद जैसे नारे लगाये।

यह कहा स्टूडेंट्स ने : बीआईटीएम और साइंस सिटी में चंद्रयान की लैंडिंग देखने आयी स्टूडेंट श्रेया अग्रवाल ने कहा कि पूरे देश के लिये यह गर्व की बात है। विशेषकर भारत ने दक्षिणी ध्रुव में चंद्रयान को उतारा जिससे पूरी दुनिया में भारत का नाम स्वर्ण अक्षराें में अंकित हो गया है।

इसी तरह एक और स्टूडेंट रिया सिंह ने कहा कि काफी देर से लैंडिंग का इंतजार कर रही थी। इस लैंडिंग के साथ भारत ने पूरी दुनिया के आगे अपना लोहा मनवा लिया है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखने वाला पहला देश भारत बन गया है। दूसरे स्टूडेंट्स की भी कुछ इसी तरह की ही प्रतिक्रिया थी और सबके चेहरों पर उत्सुकता व गर्व की रौनक साफ दिख रही थी।

मॉल में भी किया गया लाइव टेलिकास्ट : ना केवल साइंस सिटी और बीआईटीएम बल्कि मॉल में भी चंद्रयान की लैंडिंग का लाइव टेलिकास्ट दिखाया गया। इस दिन साउथ सिटी मॉल में लैंडिंग का लाइव टेलिकास्ट मॉल की बड़ी स्क्रीन पर किया गया जहां काफी संख्या में लोग लैंडिंग देखने के लिये इकट्ठा हो गये थे। इसके साथ ही पूरे मॉल में लाइटों का रंग बदलकर तिरंगे के रंग का कर दिया गया था। मॉल में लोग तिरंगा हाथों में लेकर पहुंचे थे। 5.20 बजे से सॉफ्ट लैंडिंग का लाइव टेलिकास्ट इसरो ने चालू कर दिया था जिसे लोग टकटकी लगाये देख रहे थे। यहां आये लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कुछ लोगों ने मॉल में बड़े स्क्रीन के सामने पहुंचकर दण्डवत प्रणाम भी किया।

कोलकाता में हुई आरती, हवन से लेकर हुआ जश्न तक : चंद्रयान की सफल लैंडिंग की कामना पूरे देश के साथ कोलकाता में भी लोगों ने अपने-अपने तरीके से की। शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने सफल लैंडिंग के लिये मंदिर में आरती की तो कहीं हवन आयोजित किये गये।

Visited 178 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर