हिमाचल में बादल फटने से एक साथ बह गईं 9 गाड़ियां | Sanmarg

हिमाचल में बादल फटने से एक साथ बह गईं 9 गाड़ियां

मनाली : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के कायस गांव में सोमवार सुबह बादल फट गया। इससे एक की मौत हो गई और 3 घायल हैं। 9 गाड़ियां पानी में बह गईं। कुल्लू के ही खराहल में भी आधी रात को बादल फटा, नाले में बाढ़ से नेउली स्कूल और कई घरों में पानी भर गया। एक गाड़ी भी चपेट में आई है। वहीं, दिल्ली में यमुना नदी का वाटर लेवल लगातार घट रहा है। वहीं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अब गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

कई इलाकों में अलर्ट जारी

रविवार को हरिद्वार में गंगा का जलस्तर 293.15 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है। नदी से सटे हुए इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। देवप्रयाग में गंगा नदी 20 मीटर और ऋषिकेश पहुंचते-पहुंचते 10 सेमी बढ़ गई। वाराणसी और प्रयागराज में घाट डूबने लगे हैं। कुछ छोटे मंदिरों में पहले ही पानी भर चुका है। दिल्ली में चार दिन तक यमुना का वाटर लेवल घटने के बाद सोमवार को फिर से बढ़ गया। सुबह 11 बजे तक जलस्तर 205.76 मीटर था जबकि रविवार रात 205.52 मीटर था। श्रीनगर की जीवीके डैम से पानी छोड़े जाने के कारण अलकनंदा समेत गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

दिल्ली में क्या है स्थिति ?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार होने पर भैरों मार्ग समेत कुछ सड़कें यातायात के लिए खोल दी गई हैं। दिल्ली में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी निकाल लिया गया है और मशीनों को सुखाने की प्रक्रिया चल रही है। सब ठीक रहा तो आज से वाटर सप्लाई शुरू हो जाएगी। एनडीआरएफ ने बताया कि बीते 2-3 दिनों में दिल्ली-NCR के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 912 पशुओं समेत 6,345 लोगों को बचाया गया। बचाए गए पशुओं में देश का सबसे महंगा बैल प्रीतम भी शामिल है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।

 

Visited 248 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर