
कीव : रूस-यूक्रेन सीमा पर घटनाक्रम आज गुरुवार को बहुत तेजी से बदल रहे हैं। यूक्रेन में रूस ने सैन्य कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। अब यूक्रेन और रूस की तरफ से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। तो वहीं तमाम दावों के बीच यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी सेना के घुसने की खबर भी सामने आई। इसके अलावा यूक्रेन के आसमान पर पुतिन के हेलीकॉप्टरों का मंडराना भी चिंता बढ़ाने वाला है। बता दें कि हमले की शुरुआत यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों में धमाके से हुई। फिलहाल यूक्रेन मे दूसरे देशों के साथ-साथ पीएम मोदी से भी मदद मांगी है। वहीं अमेरिका ने रूस को चेताया है। चीन ने मामले को शांति से सुलझाने की गुजारिश की है। UN में रूस ने हमले पर अपना पक्ष भी रखा है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है।
कीव के पास यूक्रेन का सैन्य विमान क्रैश
यूक्रेन की राजधानी कीव के पास यूक्रेन का एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस विमान में 14 लोग सवार थे। वहीं यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग के बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। यूक्रेन गोस्टोमेल में दो हेलीकॉप्टर मार गिराने का दावा कर रहा है।