
वाशिंगटनः अमेरिका में ओबामा दंपती की तरह तैयार, इन दो बच्चों का कराया फोटोशूट सोशल मीडिया पर चर्चित हो रहा है। बराक और मिशेल ओबामा नेे 20 जनवरी को नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में यही वेशभूषा पहनी थी। मिशेल ओबामा ने अपने अकाउंट से ये तस्वीरें शेयर कीं, तब से लेकर अब तक इन्हें 50 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
अमेरिका के साउथ कैरोलिना में रहने वाले रेलीह और जाइडेन इससे पहले कमला हैरिस और प्रिंस चार्ल्स की तरह भी फोटोशूट करा चुके हैं, हालांकि उस समय उनकी स्टोरी की ज्यादा चर्चा नहीं हुई थी।
Ryleigh & Zayden, you nailed it! 😍💕
📷: its_allry on IG pic.twitter.com/82jMswh3Lk
— Michelle Obama (@MichelleObama) February 1, 2021
रेलीह की आंटी जोई हैम्पटन ने दोनों का फोटोशूट किया। रेलीह की दादी शेला हैम्पटन ने बताया कि मिशेल ओबामा काफी दिनों से आम लोगों के बीच नहीं आई थीं और ना ही उनकी चर्चा हुई थी। जब उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में मिशेल का लुक देखा, तो उन्हें इसका आइडिया आया। रेलीह ने मिशेल का मोनोक्रोम लुक कॉपी किया, तो जाइडेन ने युनाइटेड स्टेट पिन के साथ नेवी कोट, व्हाइट शर्ट और ब्लू टाई पहनी।
शेला की सहकर्मी का बेटा
जाइडेन, शेला की सहकर्मी का बेटा है। शेला ने बताया कि मिशेल के जैसा बेल्ट खरीदने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि रेलीह तब से मॉडलिंग कर रही है, जब वह चलने लगी थी। हर रविवार को चर्च से आने के बाद वह उसका फोटोशूट करती हैं और ध्यान रखती हैं कि तस्वीर खिंचाने और पोज करने का उसका नैसर्गिक तरीका बना रहे।