
टोक्यो: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानलेवा हमले के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी लेकिन आबे जिंदगी की जंग हार गए हैं और उनका निधन हो गया है। शुक्रवार को पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान भाषण देते वक्त उन्हें गोली मार दी गई थी। पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स तेत्सुया यामागामी को गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों ने एनएचके को बताया कि घटनास्थल से एक हैंडमेड गन बरामद की गई है। 41 साल का आरोपी नारा शहर में रहता है जहां आबे पर गोली चलाई गई।
एनएचके की खबर के अनुसार रक्षा सूत्रों ने बताया कि आरोपी 2005 तक मरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के लिए काम करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री से असंतुष्ट था और उनकी हत्या करना चाहता था। स्थानीय दमकल अधिकारी मोकोतो मोरिमोतो ने बताया था कि आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाते वक्त उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गई थी।