
प्राग : चेक गणराज्य के पूर्व में स्थित ओस्त्रोवा शहर में एक बंदूकधारी ने अस्पताल में अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी के बाद भाग रहे हमलावर ने पुलिस से घिरा देख खुद को भी गोली मार ली। यह घटना ओस्त्रोवा शहर के यूनिवर्सिटी अस्पताल में मंगलवार सुबह सात बजे के करीब हुई। यह शहर प्राग के पूर्व में 350 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
हमलावर ने करीब से लोगों पर गोलियां चलायीं
प्रधानमंत्री आंद्रेज बेबिस ने चेक पब्लिक टेलीविजन को बताया कि प्रतीक्षा कक्ष में गोलीबारी की घटना हुई। हमलावर ने करीब से लोगों पर गोलियां चलायीं। गोलीबारी के बाद हमलावर एक कार से भाग गया जिसके बाद पुलिस ने कई कर्मियों और दो हेलिकॉप्टरों को उसकी तलाश में लगाया। ओस्त्रावा के पुलिस प्रमुख तोमस कुजेल ने बताया कि पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह कार में मृत अवस्था में मिला। उसने सिर में गोली मार ली।
चार पुरूष और दो महिलाओं की मौत हुई
पुलिस ने बताया कि इस घटना में चार पुरूष और दो महिलाओं की मौत हो गयी। वहीं, घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कहा कि उसे पता नहीं चल पाया है कि किस कारण से 42 वर्षीय हमलावर ने घटना को अंजाम दिया।