बर्लिन : दुनियाभर में जारी कोरोना के प्रकोप के बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर यह आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) प्रमुख से कहा था कि वह कोरोना वायरस महामारी को लेकर वैश्विक चेतावनी जारी करने में देरी करें। यह आरोप जर्मनी की खुफिया एजेंसी ने लगाया है। जर्मनी की साप्ताहिक मैगजीन ने खुफिया एजेंसी बीएनडी के हवाले से यह जानकारी प्रकाशित की है। बीएनडी के मुताबिक, ’21 जनवरी को चीन के नेता जिनपिंग ने डब्ल्यूएचओ चीफ टेड्रोस ए. गेबेरेयेसस से कहा कि वह कोरोना वायरस के इंसान से इंसान में फैलने की सूचना को रोके और महामारी की चेतावनी देर से जारी करें। मैगजीन के खबर प्रकाशन के बाद डब्ल्यूएचओ ने इसका खंडन करते हुए कहा कि इसमें कोई भी सच्चाई नहीं है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, ‘डॉ. टेड्रोस और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच 21 जनवरी को कोई बात नहीं हुई है और उन्होंने कभी फोन पर बात नहीं की है। ऐसी गलत रिपोर्ट दुनिया से महामारी मिटाने के लिए से डब्ल्यूएचओ का ध्यान भटकाती है। डब्ल्यूएचओ ने आगे कहा, ‘चीन ने इंसान से इंसान में होने वाले संक्रमण की पुष्टि 20 जनवरी को की थी यानी कि फोन से पहले, जिसका दावा किया जा रहा है।
दुनियाभर में 2.79 लाख मौतें
चीन के वुहान से निकले कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। दुनिया में संक्रमितों की संख्या 40,24,737 हो गई है। 2 लाख 79 हजार 313 की मौत हुई है। इसी दौरान 13,75,854 स्वस्थ भी हुए। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 25 हजार नए मामले सामने आए। देश में कुल मामले अब 13 लाख से ज्यादा हो गए हैं। सभी 50 राज्यों तक संक्रमण पहुंच गया है। सिंगापुर में प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद मामले बढ़ रहे हैं। बीते एक दिन 876 नए केस मामले आए। पाकिस्तान में संक्रमितों की तादाद 28 हजार से ज्यादा हो गई है। मौत का आंकड़ा भी 700 से ज्यादा हो गया। लेकिन, इमरान सरकार ने कथित लॉकडाउन में ढील दे दी। देश के डॉक्टर्स इसका विरोध कर रहे हैं।
अमेरिका : 25 हजार नये मामले
शनिवार को यहां 25 हजार नए मामले सामने आए। देश में कुल मामले अब 13 लाख 9 हजार 550 हो गए हैं। करीब 79 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 1615 लोगों ने दम तोड़ा। सभी 50 राज्यों तक संक्रमण फैल चुका है। व्हाइट हाउस से जुड़े तीन बड़े अधिकारियों को क्वारैंटाइन में भेज दिया गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हालात से निपटने में अपनाई गई रणनीति पर ट्रम्प प्रशासन की आलोचना की है।
सिंगापुर में 876 नये मामले
यहां संक्रमण पर अब तक पूरी तरह काबू नहीं किया जा सका है। सरकार ने लॉकडाउन में भले ही ढील दी हो लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और बाकी बंदिशें जारी हैं। इसके बावजूद 24 घंटे में 876 मामले सामने आए। कुल संख्या 23 हजार 336 हो गई। हालांकि, अब भी डोरमेट्रीज में रहने वाले प्रवासी मजदूर ही पाए जा रहे हैं। शनिवार को मिले कुल मामलों में सिर्फ 3 ही स्थानीय नागरिकों के हैं।
चीन : वुहान में फिर संक्रमण
वुहान शहर रविवार को एक बार फिर चर्चा में आ गया। करीब 45 दिन बाद यहां संक्रमित मिला। प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि की। इस संक्रमित की हालत गंभीर बताई गई है। उसकी पत्नी भी पॉजिटिव है। जिस क्षेत्र में यह संक्रमित मिला, वहां पहले भी 20 केस सामने आए थे। शहर के हेल्थ कमिश्नर ने कहा, “यह पुराने सामुदायिक संक्रमण का नतीजा है।” कुल मिलाकर पांच नए संदिग्ध पाए गए हैं। लेकिन, पुष्टि सिर्फ दो की हुई है। वुहान में 76 दिन लॉकडाउन रहा था। यहां कुल 50 हजार 334 मामले सामने आ चुके हैं।
द. कोरिया : सियोल फिर बंद
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में पिछले दिनों लॉकडाउन में ढील दी गई थी। नाइट क्लब, होटल, बार और डिस्को खुल गए थे। अब यहां संक्रमण के नए मामलों का पता लगा है। इसके फौरन बाद सरकार ने इन सभी जगहों को अगले आदेश तक के लिए फिर बंद कर दिया है। एक अधिकारी ने माना कि कुछ लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। इसकी वजह से सभी को परेशानी होगी।
जर्मनी : लॉकडाउन का विरोध
देश के तीन बड़े शहरों बर्लिन, म्यूनिख और फ्रेंकफर्ट में कुल मिलाकर करीब 10 हजारो लोगों ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को फूल देकर उनका व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए शुक्रिया अदा किया। लोगों का कहना है कि सरकार हर महीने लॉकडाउन बढ़ाने की बजाए दूसरे विकल्प खोजे ताकि वे खुली हवा में सांस ले सकें। कुछ लोगों के मुताबिक, सोशल डिस्टेंसिंग संक्रमण से बचने का सबसे सरल उपाय है।
अमेरिका : दो अफसर क्वारंटाइन
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना से निपटने के लिए टास्क फोर्स बनाई थी। इसके दो अफसर अब क्वारंटाइन हो गए हैं। डॉक्टर रॉबर्ट रेडपील्ड सीडीएस के डायरेक्टर हैं। वो दो हफ्ते घर से काम करेंगे। वो एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। इनके अलावा एफडीए कमिश्नर स्टीफन हान भी दो हफ्ते के लिए क्वारंटाइन हो गए हैं। हालांकि, उनकी पहली टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
चीन के कहने पर डब्ल्यूएचओ ने छिपाई जानकारी
Visited 413 times, 1 visit(s) today