
नई दिल्लीः दुनियाभर में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से लोग खौफजदा हैं। लोगों को कोविड नियमों के पालन की सलाह दी जा रही है, लेकिन इस बीच नीदरलैंड में क्वारंटाइ सेंटर में रखे गए कोरोना पॉजिटिव कपल वहां से भाग निकले। इस कपल को खोजने में डच पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि उन्होंने दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। वे कोरोना क्वारंटाइन सेंटर से भाग गए थे। उन्हें स्पेन के लिए रवाना होने से ठीक पहले एम्स्टर्डम के शिफोल हवाई अड्डे पर विमान के अंदर से गिरफ्तार किया गया। स्थानीय मीडिया ने बताया कि स्पेनिश पुरुष और पुर्तगाली महिला को बाद में देश की स्वास्थ्य सेवा को सौंप दिया गया। ये दोनों पिछले हफ्ते दक्षिण अफ्रीका से फ्लाइट से एम्स्टर्डम पहुंचे थे। आशंका है कि कपल उन 61 यात्रियों में शामिल हैं, जिनमें 13 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।