
कराची : पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज ऑल-राउंडर शाहिद अफरीदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। इंग्लैंड की संसद कही जाने वाली हाउस ऑफ कॉमन्स में अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर की चिंता नहीं करनी चाहिए। अफरीदी के इस बयान के बाद विवाद छिड़ गया है। इसके पहले अफरीदी कश्मीर विवाद को लेकर भारत पर हमला कर चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने ही देश की सरकार पर सवाल उठा दिए हैं। अफरीदी ने कहा कि – पाकिस्तान से तो खुद के 4 सूबे ही ठीक से संभल नहीं रहे हैं, वह कश्मीर को क्या संभालेगा।
अफरीदी के अनुसार कश्मीर को अलग देश बना देना चाहिए। इस विवाद की वजह से कश्मीर में जो बेकसूर लोग मारे जा रहे हैं, वह नहीं होना चाहिए। इससे कम-से-कम इंसानियत तो जिंदा रहेगी। अगर कश्मीर पाक को नहीं तो भारत को भी नहीं देना चाहिए। कश्मीर को अपने आप में रहने दो, इंसानियत बड़ी चीज है, जो लोग वहां पर मर रहे हैं, चाहे वह किसी भी मजहब का हो, तकलीफ होती है इंसान के रूप में।
इसके पहले भी अपने बयानों को लेकर अफरीदी सुर्खियों में आ चुके है। अफरीदी ने अप्रैल माह में अपने एक ट्वीट में लिखा था कि – भारत के कब्जे वाले कश्मीर में दुखद और चिंताजनक हालात हैं, वहां पर दमनकारी सत्ता द्वारा बेगुनाही को गोली मारी जा रही है। इसका मकसद आत्म निर्णय और आजादी की आवाज को कुचलना है। आश्चर्य होता है कि यूएन और दूसरी अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं कहां हैं और ये संस्थाएं खून-खराबा रोकने के लिए कोई कोशिश क्यों नहीं कर रही है?