
पेरिस: फ्रांसीसी पुलिस इंटरपोल के अध्यक्ष मेंग होंगवेई की गुमशुदगी की जांच कर रहे दल को मेंग की चीन में हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। सूत्रों के अनुसार 64 वर्षीय मेंग को चीन में उतरने के ठीक बाद पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया गया है, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। इसके पूर्व मेंग की पत्नी ने उनके लापता होने की जानकारी दी थी जिसके बाद शुक्रवार को फ्रांस सरकार ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। फ्रांसीसी पुलिस ने इंटरपोल प्रमुख की गिरफ्तारी को चिंताजनक बताया है।
जानकारी के लिए बता दें कि इंटरपोल एक शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी है, जिसके 192 देश सदस्य हैं। यह आम तौर पर गुमशुदा या वॉन्टेंड लोगों का पता लगाती है। हैरानी की बात है कि खुद इंटरपोल के चीफ लापता हाे गए और कथित तौर पर अपने ही देश चीन की हिरासत में पाए गए हैं। मेंग नवंबर 2016 में इंटरपोल के प्रेजिडेंट बने थे। इंटरपोल के 95 साल के इतिहास में मेंग पहले ऐसे चीनी नागरिक हैं, जो इस संगठन के अध्यक्ष बने। उसी वक्त मानवाधिकार समूहों ने यह आशंका जाहिर की थी कि चीन विदेशों में असहमति के स्वरों को दबाने के लिए उन्हें परेशान कर सकता है।
आपको बता दें कि हाल के वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जब वरिष्ठ चीनी अधिकारी रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं और कई हफ्तों या महीनों बाद चीनी सरकार यह ऐलान करती है कि उनकी जांच चल रही है। ऐसे मामलों में अकसर भ्रष्टाचार की जांच होती है।