पहली वर्षगांठ पर अयोध्या की स्वर्ग जैसी सजावट, CM योगी करेंगे रामलला का अभिषेक | Sanmarg

पहली वर्षगांठ पर अयोध्या की स्वर्ग जैसी सजावट, CM योगी करेंगे रामलला का अभिषेक

अयोध्या: अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली सालगिरह बहुत धूमधाम से मनाई जा रही है। जबकि पिछले साल 22 जनवरी को यह पूजा हुई थी, इस बार इसका आयोजन 11 जनवरी को किया जा रहा है। इसकी वजह यह है कि इस बार हिंदू पंचांग के अनुसार, यह तिथि 11 जनवरी को पड़ रही है, जो इस साल के लिए पौष शुक्ल द्वादशी की तिथि है। इस बदलाव की जानकारी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहले ही दे दी थी। अयोध्या में इस समय महाकुंभ जैसा माहौल है और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ ने इसे और भी खास बना दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में रामलला का अभिषेक करेंगे और उन्हें दिल्ली से आए पीतांबरी वस्त्र पहनाएंगे। यह वस्त्र सोने और चांदी के धागों से तैयार किया गया है।

 

3 दिन तक चलेगा कार्यक्रम

इस आयोजन में 11, 12 और 13 जनवरी को भव्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें पूजा, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शामिल होंगे। करीब 110 VIP मेहमानों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। 11 जनवरी को, यानी आज, सुबह 10 बजे से रामलला का पूजन और अभिषेक होगा, और इसके बाद पंचामृत और सरयू जल से उनका अभिषेक किया जाएगा। ठीक 12:20 बजे रामलला की महाआरती होगी। इसके साथ ही अंगद टीला स्थल पर 5,000 लोगों के लिए जर्मन हैंगर टेंट लगाया गया है, जहां लोग कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। मंडप और यज्ञशाला में रोजाना शास्त्रीय सांस्कृतिक प्रदर्शन, अनुष्ठान और राम कथा प्रवचन होंगे। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के बाल रूप ‘रामलला’ की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, जिसे दुनिया भर ने देखा था। अब इस वर्षगांठ पर अयोध्या में भव्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो एक ऐतिहासिक पल बन चुका है।

Visited 26 times, 2 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर