
कल्पना सिंह
– साल के अंत तक 4 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
– गत 50 वर्षों में नहीं था ऐसा तापमान
कोलकाताः दिसंबर का महीना खत्म होने को है लेकिन महानगर में अब तक ठंड ने दस्तक नहीं दी है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आज से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बदलाव होने की संभावना है। इस दौरान धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। सुबह में कोहरे की धुंध और आंशिक बादल छाये रहेंगे। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। मंगलवार को कोलकाता में तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस यानी करीब 21 डिग्री रहा, जो सामान्य तौर पर 14 से 15 डिग्री के आसपास होना चाहिए, लेकिन तापमान बढ़ा हुआ था। हालांकि मौसम का यह पलटवार बुधवार यानी आज से थमने वाला है। पारा आज 18 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है और कल यानी गुरुवार को तापमान 15-16 डिग्री तक लुढ़केगा।
मौसम विभाग ने बताया
भारत मौसम विज्ञान विभाग कोलकाता के निदेशक गणेश कुमार दास ने बताया कि ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवा के बजाय कोलकाता में आने वाली नमी से भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाएं तापमान में वृद्धि का कारण बनी हुई हैं। नमी से भरी हवाएं ठंड को खत्म कर देती हैं। पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास एक उच्च दबाव क्षेत्र बनने के कारण दक्षिण-पश्चिमी हवाएं कोलकाता में आ रही थीं जो मंगलवार की रात बंद हुई।
न्यू ईयर में ऐसा रहेगा मौसम
दास ने बताया कि महानगर में बुधवार से लगातार ठंड बढ़ेगी लेकिन न्यू ईयर में भी लोगों को खास ठंड का एहसास नहीं होगा क्योंकि तब तक तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जायेगी। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ऐसा तापमान पिछले 50 साल में नहीं दर्ज किया गया। पिछले बार 21 दिसंबर, 2004 को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस था और अब 18 साल बाद 27 दिसंबर 2022 को यह बढ़कर 20.7 डिग्री हो गया है। नये साल के आगाज के जश्न में सर्दी बढ़ती है या मौसम नाखुश रहेगा इसे ध्यान में रखते हुए ही लोग अपने सेलिब्रेशन का प्लान कर रहे हैं।