सेंट जेवियर्स कॉलेज में पीएचडी के लिए आवेदन की समयसीमा बढ़ी

कई विषयों में शोध का अवसर अंतिम तिथि अब 26 अक्टूबर
 सेंट जेवियर्स कॉलेज
सेंट जेवियर्स कॉलेज
Published on


केडी पार्थ

कोलकाता : महानगर के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स कॉलेज ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में बड़ी राहत दी है। कॉलेज प्रशासन की नई अधिसूचना के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर अब 26 अक्टूबर कर दी गई है। इससे इच्छुक छात्रों को आवेदन तैयार करने और दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

ऑनलाइन आवेदन और शुल्क

कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित है। सभी आवेदकों को निर्धारित फॉर्मेट में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना अनिवार्य है।

उपलब्ध विषय और सीटें

कॉलेज के विभिन्न विभागों में शोध का अवसर उपलब्ध है। भौतिकी, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, वाणिज्य और अर्थशास्त्र विषयों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। मौजूदा रिक्त सीटों में भौतिकी में 4, अर्थशास्त्र में 4, वाणिज्य में 8, बायोटेक्नोलॉजी में 9 और माइक्रोबायोलॉजी में 3 सीटें शामिल हैं।

योग्यता मानदंड

उम्मीदवारों को संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ सीएसआईआर-एनईटी, यूजीसी-एनईटी, एसईटी या गेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्रवेश के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। दाखिला पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा, लेकिन चयन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू आवश्यक है।

चयन प्रक्रिया और तिथियां

आवेदकों को आवेदन पत्र के साथ अपने शोध विषय पर विस्तृत ‘स्टेटमेंट ऑफ पर्पस’ ऑनलाइन जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इंटरव्यू की शुरुआत 16 सितंबर से होगी। चयन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अंतिम मेरिट सूची 27 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

विस्तृत जानकारी

सेंट जेवियर्स कॉलेज ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करना जरूरी है। विस्तृत दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यह अवसर इच्छुक शोधार्थियों को देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में उच्चस्तरीय शोध करने का मौका प्रदान करेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in