

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
नयी दिल्ली/कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है,जब कुछ दिन पहले ही भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और पार्टी के सिलीगुड़ी विधायक शंकर घोष पर पश्चिम बंगाल में भीड़ द्वारा हमला किया गया था। इस मुलाकात के एक दिन पहले राज्यपाल बोस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले थे। डॉ. बोस ने राष्ट्रपति को पश्चिम बंगाल की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया था। इस बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में राज्यपाल ने राज्य की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ दिनों में राज्य में जो कुछ हुआ है, वह अस्वीकार्य है। संसद और विधायकों पर हमले हुए हैं। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता। हमें बेहतर पुलिस व्यवस्था की जरूरत है। राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ने नार्थ बंगाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों को लेकर अपनी ग्राउंड रिपोर्ट भी सौंपी है। लोगों से बातचीत हुई है उसकी भी रिपोर्ट राज्यपाल ने सौंपी है।
सांसद पर हमले की घटना से राज्यपाल चिंतित : हाल में नार्थ बंगाल के प्रभावित क्षेत्र में गये भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर भीड़ ने हमला कर दिया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांसद और विधायक पर हमले की घटना से राज्यपाल चिंतित थे। राज्यपाल सी वी आनंद बोस और सीएम ममता बनर्जी ने सांसद को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इस हमले की घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले की घटना पर राज्यपाल ने कहा है कि जो हुआ वह अनुचित है। दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। राज्यपाल ने भाजपा नेताओं पर हमले की आलोचना की थी और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।