

सबिता राय, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इस वर्ष कोलकाता में दुर्गा पूजा का आयोजन अभूतपूर्व उत्साह, भव्यता और शांति के साथ सम्पन्न हुआ। शहर भर में करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उमड़े, जिससे कोलकाता एक बार फिर सांस्कृतिक और धार्मिक रंगों से सराबोर हो उठा। पुलिस और प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते पूरे आयोजन में कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई। हर पूजा पंडाल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सक्रिय रही और सफाई व्यवस्था भी प्रशंसनीय रही। कोलकाता के विभिन्न क्लबों और पूजा समितियों ने इस बार न केवल भव्य पंडालों और मूर्तियों का निर्माण किया, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता दी। शहर के कोने-कोने में लाइटिंग और सजावट ने एक अलग ही माहौल बना दिया। सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूरे आयोजन को सफल बनाने वाले सभी पक्षों — पुलिस, प्रशासन, मीडिया, पूजा समितियों और स्वयंसेवकों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, इस वर्ष दुर्गा पूजा में करोड़ों लोग शामिल हुए। सब कुछ इतनी शांति और सुंदरता से सम्पन्न हुआ, इसके लिए मैं सभी को सैल्यूट करती हूं। पुलिस, प्रशासन, मीडिया, क्लब और समितियों सभी ने यह सुनिश्चित करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है कि सब कुछ इतनी अच्छी तरह से और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
पूजा आयोजकों में खुशी : मुख्यमंत्री के इस संदेश के बाद राज्य भर में आयोजन में जुटे सभी लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। यह दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकजुटता और प्रशासनिक समन्वय का भी उदाहरण प्रस्तुत कर गई।