दक्षिण बंगाल में अगले सप्ताह तक जारी रह सकती है बारिश का दौर

दक्षिण बंगाल में अगले सप्ताह तक जारी रह सकती है बारिश का दौर
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: सोमवार रात हुई लगातार बारिश ने मंगलवार को कोलकाता वासियों की दिनचर्या को काफी प्रभावित किया। जगह-जगह जलजमाव और ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बुधवार सुबह से ही कोलकाता में धूप निकलने से लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।

इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कोलकाता में बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी शनिवार तक कोलकाता और उसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। हालांकि रविवार से मौसम में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और आसमान कुछ हद तक साफ हो सकता है।

एक अहम जानकारी यह भी है कि बंगाल की उत्तरी खाड़ी और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट से सटे समुद्री क्षेत्रों में 45 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे कम से कम शनिवार तक समुद्र में न जाएं।

इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आने वाले दिनों में मौसम को और प्रभावित कर सकता है। फिलहाल उत्तर बंगाल में भारी बारिश की कोई विशेष आशंका नहीं जताई गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in