बाढ़ पीड़ितों के लिए भाजपा का राहत अभियान

एआई फोटो
एआई फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता
हुगली: हुगली जिले के त्रिवेणी अंतर्गत पुरसुड़ा क्षेत्र में उत्तर बंगाल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता हेतु भाजपा की ओर से आर्थिक सहायता संग्रह अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में भाजपा विधायक विमान घोष, पार्टी नेता स्वराज घोष समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

विधायक विमान घोष ने मौके पर कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेश में हाल ही में सांसद और विधायक पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटनाएं दर्शाती हैं कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के सभी शीर्ष नेताओं ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा की है और राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की है।

इस कार्यक्रम में भाजपा नेता स्वराज घोष ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और विपक्ष के नेता व्यक्तिगत रूप से राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। वे खुद लोगों के घर-घर जाकर राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। स्वराज घोष ने कहा कि हम इसी प्रेरणा से त्रिवेणी और बांसबेड़िया इलाके में आम लोगों से हाथ जोड़कर अपील कर रहे हैं कि वे आगे आकर उत्तर बंगाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग दिया है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्वराज घोष ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घबराहट में फैसले ले रही हैं और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से अपेक्षा जताई कि वह उचित समय पर इस स्थिति को लेकर निर्णय लेगा।

इस कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेता सुरेश चौधरी, सुरेश साव, गणेश गंताइत सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों में सामाजिक एकजुटता की भावना देखने को मिली।

भाजपा का यह अभियान सिर्फ राहत सामग्री एकत्र करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास दिलाना और आपदा के समय जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना भी है। पार्टी ने बताया कि यह अभियान आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा और जनसहयोग से राहत सामग्री उत्तर बंगाल भेजी जाएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in