अंडमान की एंजेल अलिटा ने पेंचक सिलाट में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

अंडमान की एंजेल अलिटा ने पेंचक सिलाट में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की प्रतिभाशाली खिलाड़ी एंजेल अलिटा ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाते हुए तीसरी जूनियर एशियन पेंचक सिलाट चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह प्रतियोगिता 25 से 30 सितंबर 2025 तक श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई थी।

इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 11 देशों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन भारत सरकार के खेल मंत्रालय, एशियन पेंचक सिलाट फेडरेशन और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संयुक्त सहयोग से किया गया था। एंजेल अलिटा ने 39 से 43 किलोग्राम भार वर्ग की तांडिंग (फाइट) श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

विशेष बात यह रही कि एंजेल अंडमान से आने वाली पहली खिलाड़ी बनीं जिन्होंने इस चैम्पियनशिप में पदक जीतने का गौरव प्राप्त किया। यह केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और मेहनत का ही परिणाम नहीं, बल्कि उनके प्रशिक्षकों शीहान एम. एस. मुरुगन और इंजीनियर लोगार्जुन की दूरदर्शिता, मार्गदर्शन और कड़ी ट्रेनिंग का भी प्रतिफल है।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में खेल को लेकर एक नया उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एंजेल की जीत पर खुशी जताई है और इसे अंडमान की बेटियों के लिए प्रेरणा बताया है।

एंजेल अलिटा ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पदक उनके लिए गर्व की बात है और वह भविष्य में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने का सपना देखती हैं। उन्होंने अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि देश और अंडमान के लिए गौरव का क्षण है, जिसने आने वाली पीढ़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा दी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in