आंध्र के वेंकटेश्वर मंदिर में ‘भगदड़’ बनकर आई मौत, 9 लोग बने काल के ग्रास

लोगों की धक्का-मुक्की से टूटी मंदिर की रेलिंग, भगदड़ के कई वीडियो वायरल, एक दूसरे पर चढ़कर भागे लोग, भगदड़ के बाद बेसुध पड़ी महिलाएं, अपनों को खोज रहे लोग, मरने वालों में 8 महिला श्रद्धालु, एक 12 साल के बच्चे की भी मौत
Accident at Venkateswara Temple in Andhra Pradesh
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की ​स्थिति।-
Published on

काशीबुग्गा : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा में एक मंदिर में शनिवार को भगदड़ मचने से 8 महिलाओं और एक लड़के समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले श्रीकाकुलम जिला कलेक्टर ने मृतकों की संख्या 10 बताई थी। सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 2,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक (SP) केवी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि यह एक निजी मंदिर है। यह कोई सरकारी मंदिर नहीं है। इसका निर्माण हाल ही में हुआ है। भगदड़ पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे काशीबुग्गा शहर के वेंकटेश्वर मंदिर में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में आने-जाने का रास्ता एक ही है। आज भारी भीड़ के दौरान रास्ता जाम हो गया। लोगों की धक्का-मुक्की की वजह से रेलिंग टूट गई। इससे भगदड़ मच गई।

कैसे हुई दुर्घटना : आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वी. अनीता अनुसार, मंदिर को 80 वर्षीय हरिमुकुंद पांडा ने अपनी जमीन पर बनवाया था और इसे 4 महीने पहले खोला गया था। मंदिर पहली मंजिल पर ऊंचाई पर स्थित है और जब श्रद्धालु चढ़ रहे थे, तो रेलिंग टूट गई, जिससे एक कोने में खड़े लोग गिर गए और कुछ लोग उनके ऊपर गिर पड़े। यह उल्लेख करते हुए कि काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर एक निजी मंदिर है और धर्मस्व विभाग के अधीन नहीं है, अनीता ने कहा कि हर शनिवार को यहां 1,500 से 2,000 श्रद्धालुओं का आना आम बात है। उन्होंने कहा कि शनिवार को एकादशी और कार्तिक मास का अवसर होने के कारण मंदिर में भारी भीड़ उमड़ने से यह घटना हुई।

भगदड़ के कई वीडियो वायरल : मंदिर में भगदड़ के कई वीडियो वायरल हुए हैं। एक वीडियो में मंदिर की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई दिखाई दे रही है, जिसमें अधिकतर महिलाएं और बच्च्चे हैं। इस दौरान वहां रेलिंग टूट जाती है, भीड़ में लोग दबन लगे। बाहर निकलने के लिए लोग चीखते-चिल्लाते दिखाई दे हैं। वीडियो में कई लोग तो अपनी जान बचाने के लिए दूसरे लोगों पर चढ़कर निकलते दिखाई दिए। एक अन्य वीडियो में हादसे के बाद लोग भीड़ में दबी महिलाओं और बच्चों को बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। कई महिलाएं भगदड़ वाली जगह पर इधर-उधर बेसुध पड़ी दिखाई दीं।

2,000 की क्षमता, पहुंचे 25 हजार श्रद्धालु : धार्मिक मामलों के मंत्री ए रामनारायण रेड्डी ने बताया कि इस मंदिर का रखरखाव सरकार नहीं करती है। इस मंदिर में 2,000 से 3,000 की क्षमता है. लेकिन आज एकादशी होने के कारण 25 हजार श्रद्धालु यहां आ गए. इतने श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था नहीं की गई थी। न ही सरकार को जानकारी दी गई थी। यही कारण है कि ये हादसा हुआ है।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने की घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

इन्होंने भी जताया दुख : एन चंद्रबाबू नायडू : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय नेताओं को भगदड़ स्थल पर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख प्रकट किया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in