

पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे एलंगो
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के सांसद बिष्णु पद रे ने अंडमान एवं निकोबार भाजपा के संस्थापक सदस्य पी. एलंगो की मौत को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जीबी पंत अस्पताल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है तथा मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। पी. एलंगो का निधन 4 फरवरी 2026 को हुआ था। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर, श्री विजयपुरम निवासी पी. एलंगो को बुधवार की रात लगभग 8.30 बजे पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया था। परिवार का कहना है कि भर्ती के समय उनकी शारीरिक स्थिति सामान्य और स्थिर थी। बताया गया है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें इंजेक्शन और उपचार दिया गया। बाद में चिकित्सकों ने परिजनों को सूचित किया कि उनके फेफड़ों में तरल जमा हो गया है और इसके बाद अतिरिक्त इंजेक्शन लगाए गए। इसके उपरांत उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और उन्हें सांस लेने में कठिनाई होने लगी।
उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया, जहां बाद में चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की जानकारी दी। उसी रात लगभग 11.45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सांसद बिष्णु पद रे ने कहा कि शोकाकुल परिवार का दृढ़ विश्वास है कि यह मृत्यु चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रही हैं, किन्तु प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से द्वीपों की स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनता का विश्वास कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय, पारदर्शिता और जनविश्वास के हित में इस पूरे मामले की विस्तृत न्यायिक जांच अनिवार्य रूप से कराई जानी चाहिए तथा जांच के उपरांत दोषियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सांसद ने यह भी जोर देकर कहा कि ऐसी घटनाएं परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति के साथ-साथ अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में चिकित्सा सेवाओं और जवाबदेही को सुदृढ़ करने की तत्काल आवश्यकता को भी उजागर करती हैं।