साहिबगंज : उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में दिन-ब-दिन महिला संबंधित अपराधिक घटनाओं की बढ़तोरी हो रही है। महिलाओं के साथ रेप और हत्याओं के मामले चरम पर है। उत्तर प्रदेश और बिहार के बाद अब झारखंड में एक महिला के साथ रेप के बाद निर्ममता से हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना साहिबगंज जिले के बोरियो थाना इलाके में घटी है। यहां अपराधियों ने एक दुधमुंहे बच्चे के सामने महिला के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को बंदरकोला में सड़क किनारे झाड़ियों के पास कुछ लोगों ने बच्चे के बिलखने की आवाज सुनी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो भौंचक्की रह गई। झाड़ियों के पास एक बच्चा फुट-फुटकर रो रहा था। पास में अर्द्धनग्नावस्था में एक महिला का गला रेता शव पड़ा हुआ था। शव की हालत को देखकर लग रहा था कि पहले उसके साथ रेप किया गया फिर उसकी हत्या कर दी गई।
पहचान जानने की कोशिश जारी
साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की पहचान पता लगाने के लिए अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। आस-पास के थानों में भी संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं उक्त बच्चे को डॉक्टरों की देख-रेख में रखा जा रहा है। उसके परिजनों तक पहुंचने के प्रयास भी जारी हैं।